टीम इंडिया के इस खिलाड़ी का अचानक हो गया प्रमोशन, ऋषभ पंत के बाहर होने से मिला फायदा

ओवल टेस्ट मैच में टीम इंडिया ने अपनी प्लेइंग 11 में कुल 4 बदलाव किए हैं, जिसमें ऋषभ पंत भी इस मुकाबले में चोटिल होने के चलते नहीं खेल रहे हैं। ऐसे में पांचवें टेस्ट के लिए भारतीय टीम की उपकप्तानी केएल राहुल को सौंपी गई है।

Jul 31, 2025 - 17:09
 0  9
टीम इंडिया के इस खिलाड़ी का अचानक हो गया प्रमोशन, ऋषभ पंत के बाहर होने से मिला फायदा

लंदन के केनिंग्टन ओवल मैदान पर खेले जा रहे भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे टेस्ट सीरीज के आखिरी मुकाबले में मेजबान टीम के कप्तान ओली पोप ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है। वहीं इस मैच में टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में चार बदलाव हुए जिसमें एक चेंज पहले से ही तय हो गया था जो ऋषभ पंत का बाहर होना था। पंत जिनको इंग्लैंड दौरे के लिए उपकप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी वह इस मुकाबले में पैर में हुए फ्रैक्चर के चलते नहीं खेल रहे हैं। ऐसे में अब ओवल टेस्ट मैच में उपकप्तानी की जिम्मेदारी केएल राहुल को सौंपी गई है, जिसकी जानकारी खुद बीसीसीआई द्वारा दी गई है।

राहुल को मिला अच्छे प्रदर्शन का इनाम

अभी तक इंग्लैंड का ये दौरा केएल राहुल के लिए बतौर बल्लेबाज काफी शानदार रहा है, जिसमें वह 500 से अधिक रन बना चुके हैं। ऐसे में अब पंत के प्लेइंग 11 से बाहर होने के बाद उन्हें उपकप्तानी ओवल टेस्ट मैच के लिए सौंपी गई है। ऋषभ पंत का भी बल्ला इस सीरीज के चार मैचों में जमकर चला है, जिसमें वह कुल 479 रन बनाने में कामयाब रहे। हालांकि मैनचेस्टर टेस्ट मैच में टीम इंडिया की पहली पारी के दौरान ऋषभ पंत बल्लेबाजी करते समय अपने पैर को चोटिल कर बैठे थे, जिसके चलते वह इस मुकाबले से पहले ही बाहर हो गए थे।

टीम इंडिया ने किए कुल चार बदलाव

ऋषभ पंत के बाहर होने के अलावा ओवल टेस्ट मैच में टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में जसप्रीत बुमराह, अंशुल कंबोज और शार्दुल ठाकुर भी बाहर हुए हैं। इनकी जगह पर करुण नायर, ध्रुव जुरेल, प्रसिद्ध कृष्णा और आकाश दीप को शामिल किया गया है। ध्रुव जुरेल पहली बार इस टेस्ट सीरीज में खेलते हुए दिखाई देंगे, इससे पहले लॉर्ड्स और मैनचेस्टर टेस्ट मैच में जब पंत चोटिल हुए थे तो जुरेल ने विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी को जरूर संभाला था।

साभार