टीम इंडिया के खिलाफ खेलेगा यह भारतीय खिलाड़ी, आयरलैंड टीम तक कैसे पहुंचा राजस्थान का क्रिकेटर
भारत के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज में आयरलैंड टीम में एक भारतीय खिलाड़ी खेलता हुआ दिख सकता है. यह खिलाड़ी राजस्थान का रहने वाला है.
भारत में क्रिकेट खेलने वाले हर खिलाड़ी का सपना टीम इंडिया के लिए खेलने का होता है. लेकिन अब बढ़ते क्रिकेट में कई खिलाड़ी दूसरे देशों के लिए अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेलते हुए नजर आ रहे हैं. कुछ दिन पहले भारत के निखिल चौधरी ने ऑस्ट्रेलिया के लिए अंतर्राष्ट्रीय डेब्यू किया. अब राजस्थान के टोंक जिले के रहने वाले जय मूंदड़ा 26 जून से भारत के खिलाफ शुरू होने वाली टी20 सीरीज में आयरलैंड के लिए अंतर्राष्ट्रीय डेब्यू कर सकते हैं.
आयरिश टीम में चयन होने पर 29 साल के लेफ्ट आर्म फास्ट बॉलर जय के लिए उनका परिवार बहुत खुश नजर आया. उनकी बहन मानसी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, "मुझे बहुत खुशी है कि भइया का सपना पूरा हो गया है. उनका जो सपना था, वो आखिरकार हासिल कर लिया है. घर में भी सब बहुत खुश हैं. सब उसे आशीर्वाद दे रहे हैं कि बहुत आगे जाए, ज्यादा से ज्यादा तरक्की करे. वो बचपन से ही क्रिकेट खेलता आया है."
राजस्थान से आयरलैंड कैसे पहुंचे जय मूंदड़ा?
अगर आपके मन में भी यह सवाल उठ रहा है कि जय मूंदड़ा राजस्थान से आयरलैंड कैसे पहुंचे और वहां कैसे उन्होंने क्रिकेट खेलना शुरू किया? तो आपको बता दें कि जय 2021 में M Tech की पढ़ाई करने के लिए आयरलैंड गए थे. इस दौरान जय ने क्रिकेट खेलना जारी रखा. देश में काम करते-करते 2025 में जय को आयरलैंड की नागरिकता मिल गई और अब उन्हें देश की नेशनल क्रिकेट टीम में जगह मिली.
जय मूंदड़ा का क्रिकेटिंग करियर
जय ने पहले आयरलैंड की घरेलू क्रिकेट टीम लेनस्टर में जगह बनाई. उन्होंने टीम के लिए अगस्त 2024 में टी20 डेब्यू किया. इसके बाद अगले साल मई 2025 में राजस्थान के जय ने लेनस्टर के लिए लिस्ट-ए डेब्यू किया. इस साल मई 2026 में उन्होंने टीम के लिए फर्स्ट क्लास डेब्यू किया.
जय अब तक 1 फर्स्ट क्लास, 6 लिस्ट-ए और 5 टी20 मुकाबले खेल चुके हैं. इकलौते फर्स्ट क्लास मुकाबले में उन्हें कोई विकेट नहीं मिला, लेकिन बैटिंग करते हुए 50 रन बनाए. लिस्ट-ए की 6 पारियों में जय ने 11 विकेट और टी20 की 5 पारियों में 10 चटकाए.
साभार