मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में नया आदेश जारी, 22 जनवरी को बंद रहेंगी ये दुकानें
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन सभी मांस बिक्री की दुकानें बंद रहेंगी. मांस की दुकानें खोलने पर कार्रवाई होगी. इसके अलावा स्लॉटर हाउस बंद रखने के भी आदेश दिए गए हैं.
22 जनवरी को अयोध्या के राम मंदिर में होने जा रही रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के लिए पूरे देश में उत्सव का माहौल है. इसको लेकर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में तैयारियां जोरों पर चल रही है. शनिवार को दोनों ही राज्यों में 22 जनवरी के लिए नए आदेश जारी किए गए हैं. नए आदेश के मुताबिक, प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन दोनों ही राज्य में मांस और मछली की दुकानें बंद रहेंगी.
मध्य प्रदेश में नगरीय विकास विभाग ने आदेश जारी किया, जिसके तहत एमपी में 22 जनवरी को मांस और मछली की दुकानें बंद रहेंगी. इसके अलावा स्लॉटर हाउस भी पूरी तरह बंद रहेंगे. नगर विकास विभाग ने प्रदेश के सभी आयुक्त नगर पालिक निगम, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर पालिका परिषद और नगर परिषद को निर्देश जारी किये हैं. इसके अलावा सभी विभागों को दुकानों की मॉनिटरिंग करने की जिम्मेदारी दी गई है.
स्लॉटर हाउस भी रहेंगे बंद
इसके अलावा छत्तीसगढ़ में भी 22 जनवरी को मांस बिक्री की दुकानें बंद रहेंगी. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राम लला प्राण प्रतिष्ठा अवसर पर पशुवध गृह और मांस बिक्री की दुकानें बंद रखने का निर्णय लिया. मुख्यमंत्री ने जन आस्था को देखते हुए निर्णय लिया. सीएम साय के निर्देश पर सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा इस सम्बंध में आदेश जारी किया किया.
स्कूल-कॉलेज की रहेगी छुट्टी, ड्राई डे रहेगा
इससे पहले मध्य प्रदेश के सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश दिया कि 22 जनवरी को राज्य के सभी स्कूलों और कॉलेजों में अवकाश रहेगा. यही नहीं मध्य प्रदेश में 22 जनवरी को शराब की बिक्री भी नहीं होगी. यह आदेश सरकार पहले ही जारी कर चुकी है. इसके अलावा छत्तीसगढ़ में 22 जनवरी को धार्मिक न्यास व धर्मस्व, पर्यटन, संस्कृति मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने भी 22 जनवरी को प्रदेश के सभी शासकीय और गैर शासकीय स्कूल, कॉलेजों में अवकाश की घोषणा किया था.
साभार