राजस्थान रॉयल्स ने IPL 2026 के लिए अपने नए कप्तान का किया ऐलान, 24 साल के खिलाड़ी को मिली बड़ी जिम्मेदारी

राजस्थान रॉयल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन को लेकर अपने नए कप्तान का ऐलान कर दिया है, जिसमें इसकी जिम्मेदारी रियान पराग को सौंपी गई है, जिन्होंने पिछले सीजन भी कुछ मैचों में कप्तानी की जिम्मेदारी को संभाला था।

Feb 13, 2026 - 17:18
 0  7
राजस्थान रॉयल्स ने IPL 2026 के लिए अपने नए कप्तान का किया ऐलान, 24 साल के खिलाड़ी को मिली बड़ी जिम्मेदारी

राजस्थान रॉयल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग के साल 2026 में खेले जाने वाले 19वें सीजन को लेकर अपने स्क्वाड में कई बड़े बदलाव किए हैं, जिसमें पिछले सीजन तक टीम की कप्तानी संभालने वाले संजू सैमसन को उन्होंने ट्रेड विंडो के जरिए चेन्नई सुपर किंग्स को दे दिया। इसी के बाद से सभी की नजरें आईपीएल 2026 सीजन से पहले राजस्थान रॉयल्स के नए कप्तान को लेकर टिकी हुई थी, जिसमें रवींद्र जडेजा जो सीएसके से अब राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा हैं उनको ये जिम्मेदारी मिलने की उम्मीद जताई जा रही थी। हालांकि राजस्थान रॉयल्स फ्रेंचाइजी ने इन सभी अटकलों पर विराम लगाते हुए आईपीएल 2026 से पहले अपनी टीम का नया कप्तान रियान पराग को बनाने का ऐलान किया है।

रियान पराग ने पिछले सीजन भी संभाली थी कप्तानी

आईपीएल 2025 का सीजन राजस्थान रॉयल्स टीम के लिए बिल्कुल भी अच्छा नहीं रहा था। पिछले सीजन में संजू सैमसन जो कप्तानी संभाल रहे थे वह चोटिल होने की वजह से 8 मैचों में नहीं खेल पाए थे, जिसमें रियान पराग ने इस जिम्मेदारी को संभाला था। हालांकि उनकी कप्तानी में राजस्थान रॉयल्स टीम को सिर्फ 2 मैचों में जीत मिली जबकि 6 में हार का सामना करना पड़ा था। रियान पराग ने बतौर कप्तान बल्ले से काफी बेहतर प्रदर्शन जरूर किया था, जिसमें उनका इन 8 मैचों में औसत 38.57 का देखने को मिला था और कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ उन्होंने अपने आईपीएल करियर की सबसे बड़ी 95 रनों की खेली थी।

आईपीएल में अब तक ऐसा रहा पराग का प्रदर्शन

साल 2019 के आईपीएल सीजन में रियान पराग को वर्ल्ड क्रिकेट की इस सबसे बड़ी टी20 लीग में डेब्यू करने का मौका मिला था, जिसमें पिछले 7 सीजन से वह राजस्थान रॉयल्स का ही हिस्सा हैं। इसमें उनका सबसे अच्छा प्रदर्शन साल 2024 के आईपीएल सीजन में देखने मिला था और उसमें उन्होंने 52.09 के औसत से 573 रन बनाए थे। वहीं अभी तक रियान पराग ने आईपीएल में कुल 84 मैच खेले हैं और उसमें उन्होंने 26.1 के औसत से 1566 रन बनाए हैं। इसके अलावा रियान पराग जरूरत पड़ने पर गेंदबाजी में कमाल दिखाते हैं और अब तक आईपीएल में 7 विकेट हासिल कर चुके हैं।

साभार