राहुल गांधी का 12 साल पुराना वीडियो ढूंढ लाई भाजपा, मुस्लिम आरक्षण का मुद्दा गरमाया
मुस्लिम आरक्षण के मुद्दे को जोर-शोर से उठा रही भाजपा अब 10-12 साल पुराना राहुल गांधी का एक वीडियो शेयर कर रही है. यह भाषण का एक अंश है. संदर्भ स्पष्ट नहीं है लेकिन मुलायम सिंह यादव पर निशाना साधते हुए राहुल मुस्लिम आरक्षण का जिक्र करते सुनाई देते हैं.
इस बार लोकसभा चुनाव में मुस्लिम आरक्षण की चर्चा खूब हो रही है. भाजपा, विशेष रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी हर रैली में दावा कर रहे हैं कि कांग्रेस सत्ता में आई तो मुसलमानों को आरक्षण देगी. अब भाजपा राहुल गांधी का एक दशक से भी ज्यादा पुराना वीडियो ढूंढ लाई है. भाजपा ने जो वीडियो क्लिप शेयर किया है, वह किसी रैली का मालूम पड़ता है. इस वीडियो के आधार पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर सांप्रदायिक पार्टी होने का आरोप लगाया है.
पश्चिम बंगाल के झारग्राम में रैली के दौरान मोदी ने कहा कि कांग्रेस के लोग अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के आरक्षण को छीनकर मुसलमानों को देना चाहते हैं. अपने दावे के सपोर्ट में पीएम ने राहुल के उसी वीडियो का जिक्र किया.
आज मैंने शहजादे का वीडियो देखा...
पीएम ने कहा, 'आज ही (सोमवार को) मैंने सोशल मीडिया पर कांग्रेस के शहजादे का एक वीडियो देखा है. ये बात गंभीर है. मीडियावालों को मैं खासतौर पर कहता हूं. मीडियावालों ने, जिस इकोसिस्टम ने इन घोर संप्रदायवादी लोगों की चमड़ी बचाने का काम किया है, वो भी जरा कान खोलकर सुन लें. ये वीडियो 11-12 साल पुराना है. ये कांग्रेस के शहजादे का वीडियो है. इस वीडियो में कांग्रेस के शहजादे खुलेआम कह रहे हैं कि कांग्रेस पार्टी मुसलमानों को आरक्षण देगी.'
उस वीडियो में क्या है?
भाजपा ने जो वीडियो शेयर किया है, उसमें राहुल मुलायम सिंह यादव पर बरसते सुनाई देते हैं. वह कहते हैं, 'आरक्षण की बात उठाई. मुलायम सिंह यादव तीन बार मुख्यमंत्री बने. एक बार भी आरक्षण के बारे में नहीं बोला. प्रेसवालों ने उनसे पूछा कि भैया आरक्षण के बारे में क्या सोचते हो. सन्नाटा जैसा अभी छाया हुआ है ऐसे... दो तीन बार पूछा. सन्नाटा. भाई कांग्रेस पार्टी करती है. मनमोहन सिंह जी खड़े होते हैं. कहते हैं भैया करना है, हम देंगे. मुसलमान भाइयों को आरक्षण देंगे. शामिल करेंगे इनको. मुलायम सिंह जी खड़े होते हैं कहते हैं भैया, अगर मैं होता तो मैं ज्यादा करता. मगर आप थे. तीन बार थे क्यों नहीं किया?'
राहुल गांधी के वीडियो में मुस्लिम आरक्षण की बात समझ में आती है लेकिन संदर्भ स्पष्ट नहीं हो पाता है.
अब इस वीडियो का हवाला देते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘एक तरफ मनमोहन सिंह ने कहा था कि भारत के संसाधनों पर पहला अधिकार मुसलमानों का है. दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कांग्रेस के शहजादे कहते दिख रहे हैं कि कांग्रेस मुसलमानों को आरक्षण देगी.’ उन्होंने कहा, 'यही है कांग्रेस की सच्चाई; वे मुसलमानों को आरक्षण देंगे और वह भी एससी, एसटी और ओबीसी का आरक्षण छीनकर. 2024 के इस चुनाव में, मोदी ने कांग्रेस की मुस्लिम लीग की सोच का पर्दा हटा दिया है और उसे उजागर कर दिया है. ये लोग बेचैन क्यों हैं.'
साभार
जिस इकोसिस्टम ने इन घोर संप्रदायवादी लोगों की चमड़ी बचाने का काम किया है, वो भी जरा कान खोलकर सुन लें...
कांग्रेस के शहजादे खुलेआम कह रहे हैं- कांग्रेस पार्टी मुसलमानों को आरक्षण देगी। pic.twitter.com/uqhvSyoTaj — BJP (@BJP4India) May 20, 2024