रियान पराग ने रचा इतिहास, IPL में पहली बार कप्तानी करते ही श्रेयस अय्यर को छोड़ा पीछे

रियान पराग पहली बार आईपीएल में कप्तानी कर रहे हैं और कप्तान के तौर पर टॉस जीतते ही उन्होंने बड़ा कमाल कर दिया है।

Mar 23, 2025 - 16:29
 0  19
रियान पराग ने रचा इतिहास, IPL में पहली बार कप्तानी करते ही श्रेयस अय्यर को छोड़ा पीछे

राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच आईपीएल 2025 में मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। मैच में टॉस के लिए उतरते ही रियान ने इतिहास रच दिया है। वह आईपीएल के इतिहास में कप्तानी करने वाले चौथे सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं और उन्होंने श्रेयस अय्यर को पीछे कर दिया है।

रियान पराग ने किया कमाल

राजस्थान रॉयल्स के नियमित कप्तान संजू सैमसन इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में चोटिल हो गए थे। इसी वजह से कप्तानी की जिम्मेदारी रियान पराग को मिली है। उनकी उम्र इस समय 23 साल 133 दिन है और वह पहली बार आईपीएल में कप्तानी कर रहे हैं। जबकि श्रेयस अय्यर ने आईपीएल में 2018 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए कप्तानी की थी। तब उनकी उम्र 23 साल 142 दिन थी। अब रियान ने पहले ही मैच में ही कप्तानी करते ही अय्यर को पीछे कर दिया है। 

कोहली ने सिर्फ 22 साल की उम्र में की थी आईपीएल में कप्तानी

आईपीएल में सबसे कम उम्र में कप्तानी करने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है। कोहली ने साल 2011 में आरसीबी के लिए राजस्थान रॉयल्स के लिए कप्तानी की जिम्मेदारी संभाली थी। तब उनकी उम्र 22 साल 187 दिन थी। इसके बाद वह आरसीबी के 2013 में नियमित कप्तान बन गए और उनकी कमान में ही आईपीएल 2016 के फाइनल में आरसीबी ने जगह बनाई थी, लेकिन तब सनराइजर्स हैदराबाद ने उनका खिताब जीतने का सपना तोड़ दिया था

IPL में कप्तानी करने वाले सबसे युवा कप्तान: 

विराट कोहली- 22 साल 187 दिन 

स्टीव स्मिथ- 22 साल 344 दिन 

सुरेश रैना- 23 साल 112 दिन

रियान पराग- 23 साल 133 दिन

श्रेयस अय्यर- 23 साल 142 दिन 

दिग्गज प्लेयर्स की लिस्ट में हुए शामिल

रियान पराग आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए कप्तानी करने वाले सातवें खिलाड़ी बने हैं। उनसे पहले राजस्थान रॉयल्स के लिए संजू सैमसन, शेन वॉर्न, राहुल द्रविड़, स्टीव स्मिथ, अजिंक्य रहाणे और शेन वॉटसन कप्तानी कर चुके हैं। राजस्थान ने अभी तक एक बार ही खिताब जीता है और वह साल 2008 में शेन वॉर्न की कप्तानी में। 

साभार