सिर्फ एक रेटिंग अंक से नंबर-1 बनने से चूके शुभमन गिल, विराट-रोहित को बंपर फायदा; रूट भी टॉप-10 में
ICC की ताजा रैंकिंग में भारतीय कप्तान शुभमन गिल नंबर-1 से सिर्फ एक रेटिंग प्वाइंट पीछे हैं. गिल के 801 अंक हैं. वहीं नंबर-1 पर मौजूद डेरिल मिचेल के 802 रेटिंग अंक हैं.
भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने वनडे में बल्लेबाजों की ताजा रैंकिंग जारी की है. पूरे देश को उम्मीद थी कि भारत के कप्तान शुभमन गिल इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे मैच के बाद दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज बन जाएंगे. गिल ने तीसरे वनडे में 77 रनों की पारी खेली. वहीं इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में कुल 188 रन बनाए. हालांकि, इस दमदार प्रदर्शन के बाद भी गिल वनडे में दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज बनने से चूक गए. इसमें दिलचस्प बात यह है कि वह नंबर-1 पर मौजूद डेरिल मिचेल से सिर्फ एक रेटिंग अंक पीछे हैं.
आईसीसी की ताजा रैंकिंग में शुभमन गिल के 801 रेटिंग प्वाइंट हैं. वह दूसरे नंबर पर है. वहीं नंबर पर मौजूद न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल के 802 रेटिंग अंक हैं. ऐसे में गिल नंबर-1 के ताज के बेहद करीब तो पहुंच गए, लेकिन उसे हासिल नहीं कर सके. इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में गिल 80 रनों पर रिटायर्ड हर्ट हो गए थे. अगर गिल उस मैच में शतक जड़ते, और लंबी पारी खेलते तो शायद आज वह दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज होते.
आईसीसी रैंकिंग में रोहित और विराट का जलवा
19 जुलाई को इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे में लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर 138 रनों की पारी खेलने वाले रोहित शर्मा ताजा रैंकिंग में चौथे नंबर पर हैं. रोहित के 758 रेटिंग प्वाइंट हैं. वहीं इंग्लैंड सीरीज में दो फिफ्टी जड़ने वाले विराट कोहली तीसरे नंबर पर हैं. टॉप-4 में तीन भारतीय बल्लेबाज हैं. नंबर-2 पर शुभमन गिल, नंबर-3 पर विराट कोहली और नंबर-4 पर रोहित शर्मा हैं.
6 साल बाद जो रूट की टॉप-10 में वापसी
भारत के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में सभी मुकाबलों में नाबाद रहकर 249 रन बनाने वाले जो रूट की 6 साल बाद वनडे रैंकिंग के टॉप-10 बल्लेबाजों में एंट्री हुई है. 2020 के बाद पहली बार जो रूट टॉप-10 में शामिल हुए हैं. ताजा रैंकिंग में रूट 674 अंक के साथ आठवें नंबर पर हैं.
साभार