22 सिक्स और 22 चौके, इस बल्लेबाज ने तूफानी शतक ठोक रचा इतिहास; सबको पीछे छोड़ा

अंतर्राष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में आए दिन नए रिकॉर्ड बनते और टूटते रहते हैं. अब नेपाल के सलामी बल्लेबाज कुशल भुरतेल ने गेंदबाजों की खटिया खड़ी करते हुए इतिहास रच दिया है.

Jun 4, 2026 - 17:55
 0  15
22 सिक्स और 22 चौके, इस बल्लेबाज ने तूफानी शतक ठोक रचा इतिहास; सबको पीछे छोड़ा

भारतीय टीम चाहे टी20 रैंकिंग्स में टॉप पर विराजमान हो, लेकिन अंतर्राष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में नेपाल क्रिकेट टीम का भी एक अलग रुतबा है. टी20 इंटरनेशनल में एक बार फिर नेपाल टीम ने धमाका कर दिया है. टी20 वर्ल्ड कप क्वालीफायर्स में मलेशिया के खिलाफ नेपाल ने 275 रन बना डाले. यह टी20 क्रिकेट इतिहास में तीसरी बार है जब भारत के इस पड़ोसी देश ने 270 से बड़ा स्कोर बनाया हो.

मगर नेपाल के बड़े स्कोर से ज्यादा चर्चा में कुशल भुरतेल आ गए हैं, जिन्होंने अपने टी20 करियर का तीसरा शतक जड़ते हुए इतिहास रच दिया. उन्होंने मलेशिया के खिलाफ इस मुकाबले में 54 गेंद में 126 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली. अंतर्राष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड पहले से उनके नाम है और अब इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी उन्हीं के नाम जुड़ गया है.

टी20 में सबसे ज्यादा रन (नेपाल)

कुशल भुरतेल ने 44 गेंदों में शतक पूरा किया, जो टी20 में नेपाल के लिए तीसरा सबसे तेज शतक भी है. इससे पहले कुशल 35 गेंद में भी सेंचुरी लगा चुके हैं. अंतर्राष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में कुशल भुरतेल ने अब 78 मुकाबलों में 2240 रन बना लिए हैं, जो नेपाल के लिए सबसे ज्यादा हैं. उन्होंने दीपेन्द्र ऐरी को पीछे छोड़ा, जो अब तक 98 मुकाबलों में 2211 रन बना चुके हैं.

मलेशिया को 167 रनों से हराया

नेपाल क्रिकेट टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 275 रन बनाए थे. नेपाल की इस पारी में कुल 22 छक्के और इतने ही चौके लगे. इसके जवाब में मलेशिया की पूरी टीम निर्धारित 20 ओवरों में 108 रन ही बना पाई. यह अंतर्राष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में मलेशिया की रनों के लिहाज से सबसे बड़ी हार भी है. मलेशिया के लिए सबसे ज्यादा रन कप्तान सैयद अजीज ने बनाए, जिन्होंने 45 गेंद में 54 रनों का योगदान दिया.

साभार