25 डॉलर में पाकिस्तानियों ने बेचा ईमान, पैसे दो...प्लेयर्स से मिलो, PCB की शर्मनाक हरकत पर भड़का पूर्व कप्तान
पाकिस्तानी टीम किसी न किसी कारणों से हमेशा विवादों में रहती है. विवादों से उसका रिश्ता पुराना है. बाबर आजम की कप्तानी में टीम फिलहाल अमेरिका में है. वहां 6 जून को डलास में उसे अपना पहला मुकाबला अमेरिका के खिलाफ खेलना है.
पाकिस्तानी टीम किसी न किसी कारणों से हमेशा विवादों में रहती है. विवादों से उसका रिश्ता पुराना है. बाबर आजम की कप्तानी में टीम फिलहाल अमेरिका में है. वहां 6 जून को डलास में उसे अपना पहला मुकाबला अमेरिका के खिलाफ खेलना है. उससे पहले पाकिस्तानी टीम विवादों में फंस गई. अपने ही देश में उसे विरोध झेलना पड़ रहा है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) की एक हरकत ने टीम की जगहंसाई करा दी है.
प्राइवेट डिनर पर घिरा पीसीबी
दरअसल, पीसीबी ने पाकिस्तानी टीम के लिए एक प्राइवेट डिनर का आयोजन किया. इसमें फैंस को खिलाड़ियों से मिलने के लिए मौका दिया गया. हालांकि. यह बिल्कुल फ्री नहीं था. फैंस को एंट्री के लिए कीमत चुकानी पड़ी. पीसीबी ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से मिलने के लिए फैंस से 25 डॉलर (2085 भारतीय रुपये) लिए. पाकिस्तान में यह 6,960 रुपये है. इस बात का खुलासा पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ ने एक वीडियो में किया.
लतीफ ने लगाई फटकार
लतीफ ने वीडियो में कहा, "आधिकारिक डिनर होते हैं, लेकिन यह एक निजी डिनर है. ऐसा कौन कर सकता है? यह भयानक है. इसका मतलब है कि आप 25 डॉलर में हमारे खिलाड़ियों से मिले. भगवान न करे, अगर कोई गड़बड़ होती, तो लोग कहते कि लड़के पैसे कमा रहे हैं." प्रेजेंटर नौमान नियाज ने पाकिस्तान टीम की 'दुखद स्थिति' पर बात की, जबकि एक प्रशंसक ने सुझाव दिया कि अगर टीम इस विचार पर आगे बढ़ रही थी, तो कम से कम कीमत अधिक रखी जानी चाहिए थी और 25 डॉलर के लिए उन्होंने खिलाड़ियों को बेच दिया.
'खिलाड़ियों को सावधान रहना चाहिए'
लतीफ ने यह भी सुझाव दिया कि वह चैरिटी डिनर आयोजित करने के विचार को समझते हैं, लेकिन शुल्क के साथ एक निजी डिनर उनकी समझ से परे है. उन्होंने कहा, "लोग मुझसे कहते हैं कि जो भी पाकिस्तानी खिलाड़ियों को बुलाता है, वह बस यही पूछता है, आप कितना पैसा देंगे? यह आम बात हो गई है. हमारे समय में चीजें अलग थीं. हमने 2-3 डिनर रखे थे लेकिन वे आधिकारिक थे, लेकिन यह इसलिए हाईलाइट किया गया क्योंकि वर्ल्ड कप के दौरान हुआ है और इससे खिलाड़ियों को सावधान रहना चाहिए.
यह गलती न करें: लतीफ
लतीफ ने कहा, ''25 डॉलर की राशि का इस तरह से खुलेआम इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए. आप 2-3 डिनर में शामिल होते हैं, लेकिन बिना किसी व्यावसायिक पहलू के. आप चैरिटी डिनर और फंडरेजर के लिए जा सकते हैं, लेकिन यह न तो फंडरेजिंग है और न ही चैरिटी डिनर. यह एक निजी समारोह है जिसके साथ पाकिस्तान और पाकिस्तान क्रिकेट का नाम जुड़ा हुआ है. यह गलती न करें."
साभार