31 साल के पाकिस्तानी गेंदबाज ने डेब्यू पर मचाया तहलका, 7 विकेट झटकते हुए रच दिया नया इतिहास

पाकिस्तान के 31 साल के तेज गेंदबाज साकिब खान का श्रीलंका के खिलाफ रावलपिंडी टेस्ट में शानदार डेब्यू हुआ। साकिब ने डेब्यू टेस्ट में 7 विकेट हासिल करते हुए नया इतिहास रच दिया।

Nov 12, 2026 - 20:22
 0  8
31 साल के पाकिस्तानी गेंदबाज ने डेब्यू पर मचाया तहलका, 7 विकेट झटकते हुए रच दिया नया इतिहास

टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करना हर खिलाड़ी का सपना होता है, लेकिन कुछ खिलाड़ी अपने पहले ही मुकाबले में ऐसा प्रदर्शन कर जाते हैं, जिससे नया इतिहास बन जाता है। पाकिस्तान के 31 तेज गेंदबाज साकिब खान ने कुछ ऐसा ही कमाल कर दिखाया है। श्रीलंका के खिलाफ रावलपिंडी टेस्ट में अपने इंटरनेशनल करियर का पहला मुकाबला खेल रहे साकिब ने अपनी स्विंग गेंदबाजी से कहर बरपाते हुए एक ही पारी में 7 विकेट झटक लिए। इसके साथ उन्होंने एक खास उपलब्धि अपने नाम कर ली।

साकिब ने श्रीलंका की पहली पारी में 34 ओवर गेंदबाजी की और 130 रन देकर 7 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। वह टेस्ट डेब्यू पर सात विकेट लेने वाले पाकिस्तान के चौथे गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले मोहम्मद नजीर, मोहम्मद जाहिद और अबरार अहमद ने यह कारनामा किया था। वहीं, वह मोहम्मद जाहिद के बाद टेस्ट डेब्यू पर सात विकेट लेने वाले पाकिस्तान के सिर्फ दूसरे तेज गेंदबाज हैं। यही नहीं, साकिब खान टेस्ट डेब्यू पर एक पारी में 7 विकेट लेने वाले 30 साल या उससे अधिक उम्र के पहले गेंदबाज बन गए हैं।

30 साल की उम्र के बाद टेस्ट डेब्यू पर बेस्ट बॉलिंग परफॉर्मेंस

7/130 - साकिब खान बनाम श्रीलंका, 2026

6/7 - स्कॉट बोलैंड बनाम इंग्लैंड, 2021

6/36 - बिलाल आसिफ बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2018

एक ही स्पेल में बदल दिया मैच का रुख

साकिब का सबसे घातक प्रदर्शन मुकाबले के चौथे दिन देखने को मिला। श्रीलंका ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक 4 विकेट पर 404 रन बना लिए थे। धनंजय डी सिल्वा 167 और कप्तान कुसल मेंडिस 117 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 249 रन की बड़ी साझेदारी हो चुकी थी। लेकिन चौथे दिन साकिब ने अपनी गेंदबाजी से पूरा मैच पलट दिया। उन्होंने दिन के पहले ही ओवर में डी सिल्वा को विकेट के पीछे कैच कराकर पवेलियन भेजा। वह अपने पिछले दिन के स्कोर में एक भी रन नहीं जोड़ सके। इसके बाद कुसल मेंडिस भी ज्यादा देर नहीं टिक पाए। साकिब ने उन्हें 119 रन के निजी स्कोर पर आउट कर दिया।

इसके बाद पाकिस्तानी गेंदबाज ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने सोनल दीनुषा को 20 रन पर आउट कर अपना 5 विकेट हॉल पूरा किया। फिर लाहिरू कुमारा और असिथा फर्नांडो को भी पवेलियन भेजकर सात विकेट अपने खाते में करते हुए तहलका मचा दिया। श्रीलंका की टीम एक समय 404 रन पर चार विकेट गंवाकर मजबूत स्थिति में थी, लेकिन साकिब के तूफानी स्पेल के सामने उसने अपने आखिरी 6 विकेट सिर्फ 42 रन के भीतर गंवा दिए। पूरी टीम 446 रन पर सिमट गई।

ड्रॉ की ओर बढ़ रहा रावलपिंडी टेस्ट

पाकिस्तान ने अपनी पहली पारी 434/9 के स्कोर पर घोषित की थी। श्रीलंका के 446 रन बनाने के बाद पाकिस्तान ने दूसरी पारी में एक विकेट खोकर 57 रन बना लिए थे। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक मेजबान टीम के पास कुल 45 रन की बढ़त थी। अब पांचवें और आखिरी दिन के खेल पर सबकी नजरें रहेंगी।

साभार