AAP के गले न पड़ जाए BJP पर MLA तोड़ने का आरोप, पुलिस नोटिस देने पहुंची CM आवास; मगर...

बीजेपी पर अपने पार्टी विधायकों को तोड़ने का आरोप लगाना सीएम अरविंद केजरीवाल समेत पार्टी नेताओं को भारी पड़ सकता है. इस मामले में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने स्वत संज्ञान लेते हुए पूछताछ शुरू कर दी है और सीएम केजरीवाल से सबूत मांगे हैं.

Feb 3, 2024 - 16:19
 0  15
AAP के गले न पड़ जाए BJP पर MLA तोड़ने का आरोप, पुलिस नोटिस देने पहुंची CM आवास; मगर...

Arvind Kejriwal: आम आदमी पार्टी की ओर से बीजेपी पर उसके विधायकों की खरीद-फरोख्त की कोशिश का आरोप लगाए जाने के मामले में दिल्ली पुलिस की एंट्री हो गई है. पुलिस ने इस मामले का स्वत संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है. दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एक टीम एसीपी के नेतृत्व में इस मामले में नोटिस देने के लिए शुक्रवार शाम को सीएम आवास पहुंची. वहां पर सीएम आवास के अधिकारी नोटिस लेने के लिए तैयार थे लेकिन बाद में पुलिस टीम बिना नोटिस रिसीव कराए वापस लौट गई. क्राइम ब्रांच ने इस मामले में अभी तक कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया है.

'21 विधायकों को तोड़ने की प्लानिंग'

सूत्रों के मुताबिक दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि उनके विधायकों को खरीदने की कोशिश की जा रही है. उनकी पार्टी के 7 MLA से इस बारे में संपर्क किया गया है, कुल मिलाकर 21 विधायकों को तोड़ने की प्लानिंग है. उन्होंने कहा कि बीजेपी उनकी सरकार को अस्थिर करने की कोशिश कर रही है. 

बीजेपी दे रही 25-25 करोड़ का ऑफर'

दिल्ली की शिक्षा मंत्री आतिशी ने भी प्रेसवार्ता करके इन आरोपों को दोहराया. आतिशी ने कहा कि बीजेपी आम आदमी पार्टी के विधायकों को 25-25 करोड़ रुपये में उसके साथ मिलने का ऑफर दे रही है. फिलहाल 7 विधायकों को तोड़ने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि सही वक्त आने पर AAP एक ऑडियो क्लिप जारी करेगी. 

दोबारा भेजा जा सकता है नोटिस

इस मामले में दिल्ली पुलिस ने फिलहाल कोई एफआईआर दर्ज नहीं की है लेकिन क्राइम ब्रांच ने इस प्रकरण में जांच शुरू कर दी है. शुक्रवार को वह इस संबंध में बयान दर्ज करवाने का नोटिस देने पहुंची थी. हालांकि उसका नोटिस रिसीव नहीं हो पाया. माना जा रहा है कि क्राइम ब्रांच की ओर से जल्द ही इस संबंध में फिर से नोटिस देने की कार्यवाही की जाएगी. 

बीजेपी ने किया पलटवार

उधर केजरीवाल के आरोपों पर बीजेपी ने पलटवार किया है. दिल्ली से पार्टी सांसद रमेश बिधूड़ी ने कहा कि केजरीवाल को जांच एजेंसियों के सवालों का जवाब देना ही पड़ेगा. उससे वे बच नहीं पाएंगे. उन्होंने कहा कि ट्रांसफ़र पोस्टिंग की पॉवर लेने के लिए ये लोग सुप्रीम कोर्ट चले जाते हैं तो इस मामले में क्यों नहीं जाते. उन्होंने कहा कि जनता इनकी असलियत जान चुकी है, इसलिए अब जनता भी इनके साथ नहीं है. इनके दो मंत्री, एक सांसद जेल में हैं. कोर्ट से इनको बेल नहीं मिल रही, आखिर क्यों? जो भ्रष्टाचारी हैं, क्या उनके ऊपर सरकारी एजेंसी कार्रवाई नहीं करेगी. एजेंसी अपना काम नहीं करेगी तो देश कैसे चलेगा.

साभार