MP में कांग्रेस के इस MLA से HC ने मांगा जवाब, क्या विधायकी पर भी आएगा खतरा ?

मध्य प्रदेश में कांग्रेस को एक और झटका लग सकता है, क्योंकि पार्टी के एक विधायक पर हलफनामें में जानकारी छुपाने का आरोप लगा है, जिस पर हाईकोर्ट ने उनसे जवाब मांगा है.

Apr 10, 2024 - 17:25
 0  33
MP में कांग्रेस के इस MLA से HC ने मांगा जवाब, क्या विधायकी पर भी आएगा खतरा ?

मध्य प्रदेश में कांग्रेस के एक विधायक की विधायकी पर खतरा नजर आ रहा है, क्योंकि कांग्रेस MLA पर विधानसभा चुनाव में दाखिल किए हलफनामें में जानकारी छुपाने का आरोप लगा है, जिसमें बताया गया है कि कांग्रेस विधायक ने नामांकन फॉर्म में लोन से संबंधित जानकारी छुपाई है, ऐसे में विधानसभा चुनाव में बीजेपी प्रत्याशी रहे नेता की तरफ से हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई थी, जिसे हाईकोर्ट ने स्वीकार भी कर लिया है. मामला राजधानी की एक विधानसभा सीट से जुड़ा है. 

आरिफ मसूद से HC ने मांगा जवाब 

दरअसल, भोपाल शहर की भोपाल मध्य विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद के हलफनामें को लेकर विधानसभा चुनाव में बीजेपी प्रत्याशी रहे और पूर्व विधायक ध्रुवनारायण सिंह ने एक याचिका हाईकोर्ट में लगाई थी, जिसमें उन्होंने आरिफ मसूद पर हलफनामें में चुनाव आयोग से लोन संबंधी जानकारी छिपाने का आरोप लगाया था. उनकी याचिका को हाईकोर्ट ने स्वीकार करते हुए मामले में विधायक से जवाब मांगा है, ऐसे में उनकी विधायकी पर भी खतरा नजर आ रहा है. 

14 मई को होगी अगली सुनवाई 

बताया जा रहा है कि ध्रुवनारायण सिंह की तरफ से दायर की गई याचिका में कहा गया है कि आरिफ मसूद और उनकी पत्नी ने राष्ट्रीयकृत बैंकों से 65 लाख से भी ज्यादा का लोन लिया है, लेकिन विधानसभा चुनाव के दौरान दाखिल किए गए नामांकन में यह जानकारी उन्होंने छुपाई है. ध्रुव नारायण सिंह के वकील अजय मिश्रा ने इस बात की जानकारी दी है. ऐसे में उनका निर्वाचन शून्य करने की मांग की गई है. हाईकोर्ट ने इस याचिका पर सुनवाई करते हुए आरिफ मसूद से 14 मई तक जवाब मांगा है, मामले की अगली सुनवाई 14 मई को होगी, अगर आरोप साबित होता है तो फिर आरिफ मसूद की विधायकी पर भी खतरा आ सकता है. 

दूसरी बार विधायक बने हैं आरिफ मसूद 

बता दें कि आरिफ मसूद भोपाल की मध्य विधानसभा सीट से दूसरी बार कांग्रेस के विधायक चुने गए हैं, 2008 और 2023 में उन्होंने लगातार दो चुनाव जीते हैं, पिछले चुनाव में उनका मुकाबला बीजेपी के ध्रुवनारायण सिंह से हुआ था, जो इसी क्षेत्र से 2008 का विधानसभा चुनाव जीते थे. हालांकि इस बार के चुनाव में उन्हें आरिफ मसूद से हार का सामना करना पड़ा था. ध्रुवनारायण सिंह पूर्व सीएम गोविंद नारायण सिंह के बेटे हैं. 

साभार