अफगानिस्तान ने रचा इतिहास, भारत के खिलाफ अंडर-19 वर्ल्ड कप में ऐसा करने वाली पहली टीम

फैसल शिनोजादा और उजेरुल्लाह नियाजई के शानदार शतकों की बदौलत अफगानिस्तान ने बुधवार को अंडर-19 विश्व कप के सेमीफाइनल में भारत के खिलाफ चार विकेट पर 310 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया.

Feb 4, 2026 - 20:01
 0  7
अफगानिस्तान ने रचा इतिहास, भारत के खिलाफ अंडर-19 वर्ल्ड कप में ऐसा करने वाली पहली टीम

फैसल शिनोजादा और उजेरुल्लाह नियाजई के शानदार शतकों की बदौलत अफगानिस्तान ने बुधवार को अंडर-19 विश्व कप के सेमीफाइनल में भारत के खिलाफ चार विकेट पर 310 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया. शिनोजादा 93 गेंद में 110 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे जबकि नियाजई ने 86 गेंद में नाबाद 101 रन की पारी खेली. भारतीय गेंदबाज नियमित अंतराल पर विकेट झटकने में संघर्ष करते दिखे. भारत के खिलाफ 300 से अधिक का स्कोर करके अफगानिस्तान ने रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी है. यह अंडर-19 वर्ल्ड कप के नॉकआउट में तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है. 

अंडर-19 वर्ल्ड कप का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर

अफगानिस्तान ने 4 विकेट के नुकसान पर 310 रन बनाए हैं. यह अंडर-19 वर्ल्ड कप का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है. अंडर-19 वर्ल्ड कप में सबसे बड़ा स्कोर खड़ा करने का रिकॉर्ड भारत के नाम है, जिन्होंने 2016 में क्वाटर फाइनल में नामीबिया के खिलाफ 349 रन बनाए थे. जबकि दूसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया है, जिन्होंने प्लेट सेमीफाइनल में 2004 में आयरलैंड के खिलाफ 5 विकेट के नुकसान पर 340 रन बनाए थे. इससे पहले तीसरा सबसे बड़ा रिकॉर्ड भी अफनागिस्तान के नाम ही था, जिन्होंने 2018 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 309 रन बनाए थे. हालांकि, यह भारत के खिलाफ U19 वर्ल्ड कप में पहला 300 से अधिक का टोटल है. पिछला सबसे ज़्यादा स्कोर वेस्टइंडीज ने ने 2014 में बनाया था, जब शारजाह में उन्होंने 294/8 रन बनाए थे.

बेन स्टोक्स के क्लब में शामिल हुए शिनोजादा और नियाजई 

फैसल शिनोजादा और उजेरुल्लाह नियाजई ने शतकीय पारी खेली है. इसके साथ ही वह अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ शतक लगाने वाले खास बल्लेबाजों के क्लब में शामिल हो गए हैं. इस लिस्ट में बेन स्टोक्स भी हैं, जिन्होंने 2010 में शतक ठोका था. 

U19 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ शतक

118 - मैल्कम लेक (ज़िम्बाब्वे ), टाउन्सविले, 2012

112 - टैगेनारिन चंद्रपॉल (वेस्टइंडीज), शारजाह, 2014

110 - फैसल शिनोज़ादा (अफगानिस्तान), हरारे, 2026

101* - उजैरउल्लाह नियाजी (अफगानिस्तान), हरारे, 2026

100 - बेन स्टोक्स (इंग्लैंड), लिंकन, 2010

फैसल शिनोजादा का रिकॉर्ड 

फैसल शिनोजादा अपनी इस शतकीय पारी से अंडर-19 वर्ल्ड कप के किसी एक सीजन में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. अंडर-19 वर्ल्ड कप के किसी एक सीजन में सबसे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड अफ्रीकी बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस के नाम है, जिन्होंने 2022 में 506 रन बनाए थे. जबकि 2004 में शिखर धवन ने 505 रन बनाए थे. 

अंडर-19 वर्ल्ड कप के किसी एक सीजन में सर्वाधिक रन

506 - डेवाल्ड ब्रेविस (एसए, 2022)

505 - शिखर धवन (भारत, 2004)

471 - ब्रेट विलियम्स (ऑस्ट्रेलिया, 1998)

435 - फैसल शिनोज़ादा (एएफजी, 2026)

423 - कैमरून व्हाइट (ऑस्ट्रेलिया, 2002)

ऐसी रही अफगानिस्तान की पारी

अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. उस्मान सादत और खालिद अहमदजई की सलामी जोड़ी ने अच्छी शुरुआत करते हुए 53 रन जोड़े। तेज गेंदबाज दीपेश देवेंद्रन ने 13वें ओवर में पहला विकेट लिया. देवेंद्रन की लेंथ गेंद अहमदजई के बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर विकेटकीपर अभिज्ञान कुंडू के हाथों में चली गई. उन्होंने 39 गेंद में 31 रन बनाए. 

इसके बाद शिनोजादा ने सादत के साथ दूसरे विकेट के लिए 64 रन जोड़े जिससे अफगानिस्तान बड़े स्कोर की ओर बढ़ रहा था. हालांकि स्पिन-गेंदबाजी ऑलराउंडर कनिष्क चौहान ने 25वें ओवर की शुरुआत में भारत के लिए दूसरा विकेट लिया. उनकी गेंद पर सादत लांग-ऑफ पर कैच आउट हुए. सादत ने 70 गेंद खेलकर 39 रन बनाए.

सदात के आउट होने के बाद शिनोजादा को नियाजई के रूप में अच्छा जोड़ीदार मिला और दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 130 गेंद में 148 रन की बड़ी साझेदारी निभाई. शिनोजादा ने अपनी पारी के दौरा 15 चौके लगाए जबकि नियाजई ने 12 बार गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाया और दो छक्के लगाए

साभार