ट्रेड डील, कर्ज और OBC आरक्षण पर सियासत तेज; MP PCC चीफ जीतू पटवारी व BJP मंत्री विश्वास सारंग आमने-सामने
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसदीय दल की बैठक में जिस ट्रेड डील को लेकर माला पहनी, उसे लेकर अब तक कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. वहीं मध्यप्रदेश सरकार के वित्त प्रबंधन पर भी पटवारी ने सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि नॉर्म्स के अनुसार कर्ज भारत सरकार या रिजर्व बैंक से लिया जाना चाहिए, लेकिन मोहन यादव सरकार बाजार से कर्ज ले रही है."
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल (Bhopal) में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी (PCC Chief Jitu Patwari) ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार की हालिया भारत-अमेरिका ट्रेड डील (India US Trade Deal) , मध्यप्रदेश सरकार की कर्ज नीति और अन्य पिछड़ा वर्ग आरक्षण (OBC Reservation in MP) मुद्दे पर गंभीर आरोप लगाए. पटवारी ने कहा कि "शिवराज का रिकॉर्ड तोड़ मोहन बाबू ने 213 करोड़ रुपए रोज कर्ज लिया." वहीं, मंत्री विश्वास सारंग ने पलटवार करते हुए कांग्रेस पर "झूठ फैलाने" का आरोप लगाया.
ट्रेड डील पर उठाए सवाल: “किसानों के साथ कोई भी घात बर्दाश्त नहीं”
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसदीय दल की बैठक में जिस ट्रेड डील को लेकर माला पहनी, उसे लेकर अब तक कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. उन्होंने कहा कि देश में एक बार फिर किसान चर्चा के केंद्र में हैं. पटवारी ने दावा किया कि अमेरिका की कृषि मंत्री जैस्मिन गिल के बयान में साफ कहा गया है कि भारत अमेरिकी कृषि उत्पादों, शराब और औद्योगिक उत्पादों पर 0 प्रतिशत टैरिफ लगाएगा, जबकि भारत के कृषि मंत्री इस मुद्दे पर अब तक कुछ नहीं बोले हैं. पटवारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि “देश के किसानों के साथ किसी भी तरह का समझौता हुआ, तो कृषि मंत्री को 74 बंगले में चैन से सोने नहीं देंगे.” उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रेड डील अमेरिका के दबाव में की गई है, जिसका असर देश के किसानों पर पड़ सकता है.
राज्य सरकार पर कर्ज को लेकर निशाना: “राजनीतिक अय्याशी जारी”
मध्यप्रदेश सरकार के वित्त प्रबंधन पर भी पटवारी ने सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि नॉर्म्स के अनुसार कर्ज भारत सरकार या रिजर्व बैंक से लिया जाना चाहिए, लेकिन मोहन यादव सरकार बाजार से कर्ज ले रही है. राज्य की संपत्तियों को गिरवी रखकर कर्ज लिया जा रहा है. सरकार रोजाना 213 करोड़ रुपये का नया कर्ज ले रही है.
पटवारी ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार राजनीतिक ऐशोपैश में खर्च कर रही है और प्रदेश के संसाधनों का दुरुपयोग हो रहा है. उन्होंने कहा कि मुख्य सचिव द्वारा दिए गए हालिया बयान से भी साबित होता है कि “कोई काम बिना कोलेट्रल और बिना भ्रष्टाचार के नहीं हो रहा.” इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री पर तंज कसा कि राज्य के विकास के बजाय कर्ज के पैसों के माइक्रोफोन से भाषण देने में व्यस्त हैं.
OBC आरक्षण पर सवाल: “150 करोड़ रुपये वकीलों पर खर्च”
OBC आरक्षण मामले पर सुप्रीम कोर्ट में चल रही सुनवाई को लेकर पटवारी ने कहा कि तुषार मेहता सहित कई वकीलों को अब तक 150 करोड़ रुपये फीस के रूप में दिए जा चुके हैं. उन्होंने पूछा कि यह पैसा आखिर किसके हित में खर्च किया जा रहा है, क्योंकि यह मध्यप्रदेश के नागरिकों की कमाई है.
विश्वास सारंग का पलटवार: “कांग्रेस तथ्यहीन राजनीति कर रही”
मंत्री विश्वास सारंग ने पटवारी पर तीखा हमला किया. उन्होंने कहा कि जीतू पटवारी और राहुल गांधी झूठ और फरेब की राजनीति कर रहे हैं. अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील पर पूरी दुनिया भारत की सराहना कर रही है. प्रधानमंत्री ने साबित किया है कि देश सर्वोपरि है और यह डील भारतीय व्यापार के लिए नए आयाम खोलेगी.
कर्ज पर सारंग ने कहा कि कांग्रेस के नेता बिना जानकारी के बयान देते हैं. मध्यप्रदेश सरकार पूरी तरह आर्थिक अनुशासन के साथ काम कर रही है. हर राज्य अपनी GSDP के अनुसार कर्ज ले सकता है. राज्य सरकार ने तय सीमा से कम कर्ज लिया है और इसे पूंजीगत व्यय पर खर्च किया जा रहा है.
OBC आरक्षण पर सारंग ने कहा कि सरकार का स्पष्ट मत है कि OBC को 27% आरक्षण मिलना चाहिए. मामला कोर्ट में है और सरकार अक्षरश: कोर्ट के आदेश का पालन करेगी.
साभार