अब नहीं होंगे रात के समय प्रेमानंद महाराज के दर्शन, आश्रम ने बताई वजह
संत प्रेमानंद महाराज के सोशल मीडिया पेज पर जारी संदेश में लिखा है, ''आप सभी को सूचित किया जाता है कि पूज्य महाराज जी के स्वास्थ्य और बढ़ती भीड़ को देखते हुए पद यात्रा अनिश्चित काल के लिए बंद की जाती है.
मथुरा-वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज (Premanand Maharaj) के दर्शन अब रात्रिकाल में नहीं हो पाएंगे. भक्तों को अब एकांकी दर्शन लाभ ही मिल पाएगा. बढ़ती भीड़ और महाराज के स्वास्थ्य का हवाला देकर आश्रम प्रबंधन ने यह निर्णय लिया है. श्री हित राधा केलि कुंज परिकर की ओर से जारी संदेश में कहा गया कि यह निर्णय अनिश्चितकाल के लिए लिया गया है. संत प्रेमानंद महाराज के सोशल मीडिया पेज पर जारी संदेश में लिखा है, ''आप सभी को सूचित किया जाता है कि पूज्य महाराज जी के स्वास्थ्य और बढ़ती भीड़ को देखते हुए, पूज्य महाराज जी, जो पद यात्रा करते हुए रात्रि 2:30 बजे से श्री हित राधा केलि कुंज जाते थे, जिसमें सब दर्शन पाते थे, वो अनिश्चित काल के लिए बंद किया जाता है.''
दरअसल, रात्रिकाल में 2:30 बजे प्रेमानंद महाराज छटीकरा रोड पर स्थित श्री कृष्ण शरणम् सोसाइटी से रमणरेती क्षेत्र में मौजूद अपने आश्रम श्रभ् हित राधा केलि कुंज जाते थे. इसी स्थान पर लगभग 2 किलोमीटर की इस पद यात्रा के दौरान महाराज की एक झलक पाने के लिए हजारों की तादाद में लोग उमड़ पड़ते थे और उनका दर्शन करते थे.
विराट कोहली और RSS प्रमुख भी मिल चुके हैं
वृंदावन में प्रेमनंद महाराज के सत्संग में दिग्गज क्रिकेटर विराट कोहली भी लाभ उठाने पहुंचे थे. उनके साथ पत्नी अभिनेत्री अनुष्का शर्मा साथ ही उनकी मासूम बेटी वामिका भी उनके आश्रम पहुंचकर सत्संग का लाभ उठा चुके हैं. वहीं पिछले दिनों राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ मोहनराव भागवत भी प्रेमानंद महराज के आश्रम में दिखे थे. डॉ मोहनराव भागवत प्रेमनंद महाराज के एकांतिक वार्ता में सम्मिलित हुए थे. उन्होंने वहां सत्संग का लाभ उठाया और वार्तालाप की.
साभार