इधर पीथमपुर में जल रहा कचरा, उधर भोपाल में सियासत, CM मोहन से जीतू पटवारी तक सब मैदान में
पीथमपुर में यूका का जहरीला कचरा जलाया जा रहा है, जिस पर मध्य प्रदेश में सियासत भी जमकर हो रही है
भोपाल गैस त्रासदी के बाद से ही यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री चर्चा में रहती है. भले ही यह फैक्ट्री बंद हो गई हो लेकिन इसके जहरीले कचरे पर मध्य प्रदेश में वर्तमान में राजनीति हाई है. क्योंकि सालों बाद यूनियन कार्बाइड का जहरीला कचरा धार जिले के पीथमपुर में पूरी सुरक्षा के साथ जलाया जा रहा है. पीथमपुर में आने वाले तारपुरा गांव में रामकी एनवायरो फैक्ट्री बनी है, जिसमें यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री का जहरीला कचरा आज से जलाना शुरू हो गया है. करीब 70 घंटे में यह कचरा जलेगा. इस कचरे पर जमकर सियासत भी हो रही है. पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने इस मामले में बीजेपी पर निशाना साधा है, जिसको लेकर अब सीएम मोहन यादव ने कांग्रेस और जीतू पटवारी पर पलटवार किया है.
जीतू पटवारी ने कचरे पर उठाए सवाल
दरअसल, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने पीथमपुर में यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री का जहरीला कचरा जलाने को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा 'यूनियन कार्बाइड के कचरे को लेकर सरकार कोर्ट का बहाना बना रही है, यदि सरकार इस कचरे को उठाकर वहां इंदौर के पीथमपुरा लेकर गई तो इसका अर्थ है कि इसके पीछे सरकार और सरकारी नेताओं के आर्थिक हित छिपे हुए थे. इंदौर शहर ने लगातार उन्हें भाजपा को सांसद दिए, विधायक दिए और महापौर दिए लेकिन भाजपा ने इसके बदले भावी पीढ़ी को कैंसर दिया है. मैं स्थानीय नेताओं और प्रशासन को चुनौती देता हूं कि रामकी कंपनी के आस-पास के 10 किलोमीटर के भू जल की जांच कीजिए और देखिए कि उसमें कैंसर के तत्व हैं या नहीं. मैं इंदौर शहर से आग्रह करता हूं कि आपने अपना मत भाजपा को दिया जिन्होंने इसके बदले आपको कोरोना काल के दौरान यातनाएं दी, कैंसर का कचरा दिया, भ्रष्टाचार का जहर दिया. हम(विपक्ष) अपना दायित्व निभाएंगे लेकिन आपका सहयोग चाहिए. 10 किलोमीटर के भू जल की जांच की जाए अगर उसमें कैंसर के तत्व नहीं मिलेंगे तो मैं सार्वजनिक माफी मांगूगा.'
सीएम मोहन बोले यह कांग्रेस का कचरा है
जीतू पटवारी के आरोपों पर सीएम मोहन यादव ने पलटवार किया है. उन्होंने यूनियन कार्बाइड के कचरे को पीथमपुर में जलाए जाने को लेकर कहा 'जीतू पटवारी को जितनी समझ है वह उतना कम कर रहे हैं, लेकिन यह कांग्रेस का ही कचरा था, कांग्रेस के शासन की लापरवाही थी, कांग्रेस ने इस बीमारी कई सालों तक फैलाए रखा, पहले लोगों को मरने के लिए छोड़ गए और अब डराने का काम कर रहे, कांग्रेस ने अपने शासनकाल में ही भोपाल में मौत बांटी थी. इसलिए कांग्रेस को इस मामले में पहले माफी मांगना चाहिए और शर्म आनी चाहिए. लेकिन मैं बताना चाहता हूं कि यह कचरा सुप्रीम कोर्ट के अनुसार ही कचरे को जलाया जा रहा है.'
70 घंटे में जलेगा कचरा
बताया जा रहा है कि पीथमपुर में यह जहरीला कचरा 70 घंटे में जलेगा. फैक्ट्री परिसर के आसपास बड़ी संख्या में पुलिसबल तैनात किया गया है. जबकि यहां से आने-जाने वाले सभी रास्तों में नाकाबंदी भी की गई है, ताकि कोई भी बिना पूछताछ के फैक्ट्री के अंदर न जा सके. पीथमपुर शहर में भी पुलिस बल तैनात किया गया है. 24 थानों का पुलिस बल यहां तैनात है, 650 से ज्यादा जवान अलग-अलग चौराहों और कॉलोनियों के साथ-साथ तारपुरा गांव में भी मौजूद हैं. शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे से कचरा जलाने का प्रोसेस शुरू किया गया है, यह पूरा काम केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सीनियर अधिकारियों की देखरेख में ही किया जा रहा है.
साभार