इस खिलाड़ी ने ठोक दिया टीम इंडिया में एंट्री का दावा, टी20 विश्व कप खेलने का दावेदार

गुजरात टाइटंस के सलामी बल्लेबाज के तौर पर साई सुदर्शन इस साल अपनी टीम के लिए कमाल का खेल दिखा रहे हैं। उन्हें टीम इंडिया के लिए खेलने का मौका इससे पहले मिल चुका है, लेकिन अब फिर से उन्होंने दावेदारी पेश कर दी है।

Apr 18, 2025 - 14:15
 0  8
इस खिलाड़ी ने ठोक दिया टीम इंडिया में एंट्री का दावा, टी20 विश्व कप खेलने का दावेदार

आईपीएल से हर साल टीम इंडिया को नए और होनहार खिलाड़ी मिलते हैं। सीजन खत्म होने के बाद उनकी भारतीय टीम में एंट्री होती है और फिर वे इंटरनेशनल लेवल पर भी कमाल का खेल दिखाते हैं। इस बार भी एक ऐसा ही खिलाड़ी नजर आ रहा है, जिसने अपने शानदार और मजबूत प्रदर्शन से भारतीय टीम में एंट्री का दावा ठोक दिया है। हो सकता है कि वो खिलाड़ी अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप में भारत के लिए खेलता हुआ भी दिखाई दे। हम बात कर रहे हैं साई सुदर्शन की। 

गुजरात के लिए कमाल का खेल दिखा रहे हैं साई सुदर्शन

साई सुदर्शन इस साल के आईपीएल में गुजरात टाइटंस के लिए खेल रहे हैं और लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। हम आपको आगे बताएंगे कि साई सुदर्शन का आईपीएल का अब तक का प्रदर्शन कैसा रहा है, लेकिन आपको इस साल उनके खेल पर डालनी होगी। साई सुदर्शन ने अब तक इस साल गुजरात टाइटंस के लिए 6 मैच खेलते हु 329 रन बनाए हैं। इसमें चार अर्धशतक शामिल हैं। पहले छह मैचों में उन्होंने 31 चौके और 13 छक्के लगाए हैं। उनका औसत 54.83 का है और वे 151 के करीब के स्ट्राइक रेट से रन बनाते हैं। वे इस साल सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में निकोलस पूरन के बाद दूसरे नंबर पर हैं, लेकिन भारतीय खिलाड़ी के तौर पर वे पहले नंबर पर हैं

साल 2022 से ही गुजरात टाइटंस के लिए खेल रहे हैं

साई सुदर्शन ने अपने आईपीएल करियर का आगाज साल 2022 में गुजरात टाइटंस के साथ ही किया था। तब से लेकर अब तक वे इसी टीम के अभिन्न अंग हैं। अब तक वे इस टीम के लिए 31 मुकाबले खेलकर 1363 रन बना चुके हैं। इसमें उनका औसत 48.67 का है और स्ट्राइक रेट करीब 141 का है। वे आईपीएल में एक शतक और 10 अर्धशतक लगाने का काम कर चुके हैं। इस साल उनका खेल कुछ अलग ही स्तर पर निखरकर सामने आ रहा है। 

टीम इंडिया के लिए डेब्यू के बाद भी नहीं मिले ज्यादा मौके

ऐसा नहीं है कि साई सुदर्शन ने अब तक भारत के लिए डेब्यू ना किया हो। वे भारत के लिए तीन वनडे मैच खेलकर 127 रन बना चुके हैं। इसमें दो अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने जुलाई 2024 में भारत के लिए टी20 डेब्यू भी किया था, लेकिन उस मैच में उनकी बल्लेबाजी ही नहीं आई। इसके बाद वे दूसरा कोई भी टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेल ही नहीं पाए। लेकिन अब वे जिस तरह की बल्लेबाजी कर रहे हैं, वो दिन ज्यादा दूर नहीं, जब वे भारत के लिए नियमित रूप से खेलते हुए दिखाई दें। अगले साल ही टी20 वर्ल्ड कप भी है, हो सकता है कि सेलेक्टर्स की नजर उन पर पड़ जाए और वे वहां भी खेलते हुए दिखें। कुल मिलाकर साई ने अपने प्रदर्शन से मजबूत दावा तो ठोक ही दिया है, बाकी बीसीसीआई की सेलेक्शन कमेटी उनको लेकर क्या सोचती है, ये देखना होगा।

साभार