अयोध्या से जनकपुर के लिए रवाना हुई सरयू-कमला एक्सप्रेस, पीएम मोदी ने दिखाई हरी झंडी, चेक करें रूट और टाइम टेबल
अयोध्या धाम और नेपाल में स्थित जनकपुर धाम के बीच चलने वाली ये नई ट्रेन सप्ताह में एक दिन चलाई जाएगी। 604 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली ये ट्रेन उत्तर प्रदेश और बिहार के कई महत्वपूर्ण कस्बों और शहरों से होकर गुजरेगी।
सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अयोध्या धाम और जनकपुर धाम के बीच चलने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना कर दिया। भगवान श्री राम के जन्म स्थल अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर के बीच चलने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस के उद्घाटन समारोह में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर मौजूद रहे।
कहां-कहां रुकेगी सरयू-कमला एक्सप्रेस
अयोध्या धाम और नेपाल में स्थित जनकपुर धाम के बीच चलने वाली ये नई ट्रेन सप्ताह में एक दिन चलाई जाएगी। रेल मंत्रालय द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, अयोध्या से लेकर जनकपुर तक 604 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली ये ट्रेन उत्तर प्रदेश और बिहार के कई महत्वपूर्ण कस्बों और शहरों से होकर गुजरेगी। सरयू-कमला एक्सप्रेस अपने सोर्स और टर्मिनल स्टेशनों के अलावा मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो हॉल्ट, मधुबनी और जयनगर रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी।
जनकपुर धाम और अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन से किस समय रवाना होगी नई ट्रेन
जनकपुर धाम से अयोध्या धाम तक चलने वाली ट्रेन नंबर- 15595, सरयू-कमला एक्सप्रेस 28 नवंबर से प्रत्येक शनिवार को दोपहर 01:10 बजे (नेपाली समयानुसार) जनकपुर धाम से प्रस्थान करेगी और रविवार को सुबह 08:10 बजे अयोध्या धाम पहुंचेगी। वापसी में, अयोध्या धाम से जनकपुर धाम तक चलने वाली ट्रेन नंबर- 15596, सरयू-कमला एक्सप्रेस 30 नवंबर से प्रत्येक सोमवार को शाम 05:50 बजे अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन से प्रस्थान करेगी और मंगलवार को दोपहर 12:40 बजे (नेपाली समयानुसार) जनकपुर धाम पहुंचेगी।
सरयू-कमला एक्सप्रेस में होंगे 8 एसी और 7 स्लीपर कोच
सरयू-कमला एक्सप्रेस रामायण परंपरा के साथ गहराई से जुड़ी दो जगहों- जनकपुर धाम और अयोध्या के बीच एक महत्वपूर्ण रेल लिंक बनाएगी। इस पहल से दोनों देशों के यात्रियों को इन खास धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्रों तक बेहतर पहुंच मिलेगी और साथ ही उनकी साझा सभ्यता की विरासत भी मजबूत होगी। बताते चलें कि अयोध्या धाम और जनकपुर धाम के बीच 604 किलोमीटर की दूरी तय करने में ये ट्रेन 19 घंटे का समय लेगी। इस ट्रेन में कुल 17 डिब्बे लगाए जाएंगे, जिनमें 8 एसी और 7 स्लीपर कोच के अलावा 1 पावर कार और दिव्यांगों के लिए 1 SLRD कोच शामिल होंगे।
साभार