ईशांत शर्मा ने हासिल किया खास मुकाम, 7 साल बाद मिली दिल्ली की कप्तानी, लिस्ट ए में पूरे किए 200 विकेट

मंगलवार को विजय हज़ारे ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में विदर्भ के खिलाफ मैच के लिए दिल्ली की कमान ईशांत शर्मा के पास थी. ईशाांत को सात साल बाद कप्तानी मिली थी. और इस मैच में उन्होंने लिस्ट ए में अपने 200 विकेट पूरे किए हैं.

Jan 13, 2026 - 17:34
 0  6
ईशांत शर्मा ने हासिल किया खास मुकाम, 7 साल बाद मिली दिल्ली की कप्तानी, लिस्ट ए में पूरे किए 200 विकेट

भारतीय तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा मंगलवार को विजय हजारे ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में दिल्ली की कमान संभालते नजर आए. ईशाांत को सात साल बाद दिल्ली की कमान मिली थी और इस मैच में उन्होंने एक खास उपलब्धि भी हासिल की. ईशांत ने लिस्ट ए में अपने 200 विकेट पूरे किए. ईशांत ने यह उपलब्धि विदर्भ के ओपनर अथर्व तायडे को 25वें ओवर में आउट कर पूरी की. यह विकेट बेहद अहम साबित हुआ क्योंकि तायडे ने 72 गेंदों पर 62 रन की शानदार पारी खेली थी और ध्रुव शॉरी के साथ दूसरे विकेट के लिए 90 रन की साझेदारी की थी. 

ईशांत के 200 लिस्ट ए विकेटों में से 115 वनडे इंटरनेशनल में आए हैं. उन्होंने 2007 में वनडे डेब्यू किया था और लंबे समय तक टीम इंडिया का हिस्सा रहे. हालांकि 2016 के बाद उन्होंने इस फॉर्मेट में नहीं खेला. हालांकि, ईशांत घरेलू क्रिकेट में लगातार सक्रिय रहे हैं और दिल्ली के लिए नियमित रूप से खेलते रहे हैं. 

इस सीजन में वे दिल्ली के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं. उन्होंने सात मैचों में 9 विकेट लिए हैं और उनकी इकॉनमी रेट 3.69 रही है. उनके अनुभव ने दिल्ली को विजय हज़ारे ट्रॉफी के नॉकआउट चरण तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है.

ईशांत को कप्तानी क्यों मिली?

ईशांत को कप्तानी की जिम्मेदारी ऋषभ पंत की अनुपस्थिति में सौंपी गई, जिन्होंने ग्रुप स्टेज में टीम की अगुवाई की थी. पंत को न्यूज़ीलैंड के खिलाफ चल रही तीन मैचों की वनडे सीरीज़ के लिए टीम इंडिया में शामिल किया गया था. हालांकि, चोटिल होने के चलते वह सीरीज़ से बाहर हो गए हैं.

वहीं दिल्ली ने ऐसे में आयुष बदोनी को कमान सौंपी. लेकिन ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर के चोटिल होने के बाद उन्हें टीम इंडिया का कॉलअप मिला. ऐसे में ईशांत को कमान सौंपी गई. 

ईशांत के अहम विकेट के बावजूद विदर्भ 300 से ज्यादा का स्कोर बनाने में सफल रहा. यश राठौड़ ने पांचवें नंबर पर खेलते हुए डेथ ओवरों में धमाकेदार बल्लेबाज़ी की और 66 गेंदों पर 80 रन बनाए. दिल्ली के लिए नवदीप सैनी और प्रिंस यादव ने एक-एक विकेट लिया, जबकि नितीश राणा ने अपनी पार्ट-टाइम स्पिन से दो अहम विकेट झटके.

साभार