एमपी के शिवपुरी में वकील की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, कौन थे संजय सक्सेना?
एमपी शिवपुरी जिले की करैरा तहसील में वकील संजय सक्सेना की कोर्ट जाते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई. प्रारंभिक जांच में जमीनी विवाद को वजह माना जा रहा है. पुलिस सीसीटीवी और कॉल डिटेल्स के आधार पर फरार आरोपियों की तलाश कर रही है.
मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले की करैरा तहसील में शनिवार को दिनदहाड़े एक वकील की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना उस समय हुई जब एडवोकेट संजय कुमार सक्सेना रोज की तरह बाइक से कोर्ट जा रहे थे. बताया जा रहा है कि पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर सरे बाजार अंधाधुंध फायरिंग कर दी.
आनंद सागर मंदिर के पास वारदात
जानकारी के मुताबिक मृतक एडवोकेट संजय सक्सेना घिरियाली मोहल्ला, पुराना बाजार के निवासी थे. वारदात करैरा इलाके में किले के पीछे स्थित आनंद सागर मंदिर के पास सिद्धन रोड पर हुई. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हमलावर पैदल आए थे या किसी वाहन से.
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
बताया जा रहा है कि घटना के कुछ देर बाद उसी सड़क से गुजर रहे एक अन्य वकील ने संजय सक्सेना को सड़क पर घायल अवस्था में देखा. उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
एमपी के शिवपुरी में वकील की हत्या के मामले में शिवपुरी पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौर का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है. कई पुलिस टीम गठित कर दी गई हैं.
जमीनी विवाद बना हत्या की वजह
परिजनों ने पुलिस को बताया है कि संजय सक्सेना का कुछ लोगों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. इसी विवाद के चलते चार लोगों पर हत्या का शक जताया गया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज, फोन लोकेशन और कॉल डिटेल्स के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है. फिलहाल सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं.
साभार