छत्तीसगढ़ में कभी भी हो सकता है कैबिनेट विस्तार, आज रायपुर आएंगे BJP के संगठन मंत्री, ये MLA आगे
छत्तीसगढ़ में कैबिनेट विस्तार कभी भी हो सकता है, बताया जा रहा है कि सीएम विष्णुदेव साय की तरफ से नाम तय हो चुके हैं, जबकि बीजेपी के प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन भी रायपुर पहुंच रहे हैं.
छत्तीसगढ़ में सीएम विष्णुदेव साय के मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें तो लंबे समय से चल रही हैं, लेकिन हर बार विस्तार अटक रहा था. लेकिन सूत्रों के मुताबिक अब मंत्रिमंडल विस्तार का फाइनल खाका तैयार हो गया है, केवल घोषणा होना बाकि है. क्योंकि बीजेपी के संगठन मंत्री शिवप्रकाश और छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन भी रायपुर पहुंच रहे हैं. माना जा रहा है कि दो से तीन मंत्री अगले एक दो दिन में मंत्रीपद की शपथ ले सकते हैं, क्योंकि सीएम विष्णुदेव साय के कैबिनेट विस्तार का रास्ता लगभग साफ हो चुका है, जिसे बीजेपी आलाकमान की तरफ से भी हरी झंडी मिल चुकी है.
रायपुर में होगी बीजेपी संगठन की बैठक
दरअसल, भाजपा के संगठन मंत्री शिवप्रकाश आज रात को रायपुर पहुंच रहे हैं, जबकि नितिन नवीन कल सुबह तक रायपुर पहुंच जाएंगे, ये दोनों नेता रायपुर में बीजेपी के प्रदेश संगठन की बैठक लेंगे, माना जा रहा है कि इस बैठक के बाद ही मंत्रिमंडल विस्तार का औपचारिक ऐलान हो जाएगा. हालांकि आधिकारिक तौर पर अभी बीजेपी की तरफ से भी कोई जानकारी नहीं आई है, बीजेपी ने रायपुर में होने वाली संगठन की बैठक को भाजपा स्थापना दिवस का कार्यक्रम बताया है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि छत्तीसगढ़ में इसी बैठक के बाद मंत्रिमंडल विस्तार का ऐलान भी होगा. क्योंकि संगठन की तरफ से भी बातचीत आखिरी दौर में पहुंच चुकी है.
ये विधायक मंत्रिपद की रेस में आगे
अजय चंद्राकर
गजेंद्र यादव
अमर अग्रवाल
राजेश मूणत
गोमती साय
साय कैबिनेट में हो सकते हैं 13 मंत्री
सीएम विष्णुदेव साय की कैबिनेट में मुख्यमंत्री समेत 13 मंत्री हो सकते हैं, जब सीएम विष्णुदेव साय का मंत्रिमंडल में 12 मंत्री थे और एक मंत्री की जगह खाली थी, वहीं बाद में मंत्रिमंडल में शामिल बृजमोहन अग्रवाल ने लोकसभा सांसद बनने के बाद मंत्रीमंडल से इस्तीफा दे दिया था. ऐसे में मंत्रिमंडल में दो मंत्री पद खाली है. फिलहाल कैबिनेट में 11 मंत्री हैं, इस हिसाब से माना जा रहा है कि दो और मंत्रियों को मंत्रिमंडल में जगह मिलेगी.
बिलासपुर से मिल सकता है मंत्री
बता दें कि विष्णुदेव साय के कैबिनेट में सबसे ज्यादा मंत्री सरगुजा संभाग से हैं, जबकि बस्तर और रायपुर संभाग से भी एक-एक भी मंत्री हैं, लेकिन बिलासपुर शहर से मंत्री पद नहीं है, ऐसे में रायपुर और बिलासपुर को एक-एक मंत्री पद मिल सकता है, हालांकि बस्तर संभाग से केवल केदार कश्यप मंत्री हैं, ऐसे में बस्तर से भी एक मंत्री पद आ सकता है.
साभार