जापान में एशियन गेम्स 2026 का धमाकेदार आगाज, ओपनिंग सेरेमनी में मनु भाकर-पवन सहरावत ने लहराया त‍िरंगा

जापान के नागोया में सम्राट नारुहितो के ऐलान के साथ 20वें एशियाई खेलों की रंगारंग शुरुआत हुई। 46 देशों की परेड में मनु भाकर और पवन सहरावत ने भारतीय दल का नेतृत्व करते हुए तिरंगा फहराया।

Sep 19, 2026 - 21:14
 0  23
जापान में एशियन गेम्स 2026 का धमाकेदार आगाज, ओपनिंग सेरेमनी में मनु भाकर-पवन सहरावत ने लहराया त‍िरंगा

जापान के नागोया में मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम के अंदर 2026 के एशियन गेम्स की शुरुआत एक शानदार और हाईटेक समारोह के साथ हो गई है। शनिवार, 19 सितंबर को हुए इस उद्घाटन समारोह में जापान के सम्राट नारुहितो ने खेलों के शुरू होने का औपचारिक ऐलान किया। इस खास मौके पर उनके साथ महारानी मासाको, शाही परिवार के लोग और खेल जगत की कई बड़ी हस्तियां भी मौजूद थीं।

लगभग दो घंटे चले इस कार्यक्रम की शुरुआत जापान के राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद वहां का राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया, जिसे जापान की 'सेल्फ डिफेंस फोर्स' के 9 सदस्य मंच तक लेकर आए। झंडा फहराते ही पूरे स्टेडियम की बत्तियां बुझा दी गईं और फिर एक खास लाइट (स्पॉटलाइट) डालकर केवल जापान के राष्ट्रीय झंडे को चमकाया गया।

इसके बाद 45 देशों और एशियन ओलंपिक परिषद (OCA) की रिफ्यूजी टीम के खिलाड़ियों ने परेड की, यानी कुल मिलाकर 46 टीमों ने इसमें हिस्सा लिया। परेड की शुरुआत सबसे पहले अफगानिस्तान की टीम से हुई, वहीं चीन अपने 800 से भी ज्यादा खिलाड़ियों के बड़े दल के साथ सबका ध्यान खींचने में सबसे आगे रहा।

पवन सहरावत और मनु भाकर ने लहराया तिरंगा

भारत की ओर से ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर और कबड्डी स्टार पवन सहरावत ने नेवी ब्लू ड्रेस पहनकर तिरंगे के साथ भारतीय दल की अगुवाई की। पहले एथलीट ताजिंदरपाल सिंह तूर को ध्वजवाहक बनाया गया था, लेकिन उन्हें समय पर ऑफिशियल किट न मिल पाने के कारण आखिरी मौके पर पवन सहरावत को यह जिम्मेदारी सौंपी गई।

एशियन गेम्स की आधिकारिक शुरुआत से पहले ही कुछ खेलों के मैच शुरू हो गए थे। इसमें भारतीय महिला क्रिकेट टीम, जिसकी कप्तान हरमनप्रीत कौर हैं, जापान को 8 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में पहुंच गई है। भारतीय महिला टीम अपना सेमीफाइनल मैच 20 सितंबर को बांग्लादेश के खिलाफ खेलेगी।

मेडल जीतने की रेस में हैं क्विम्सी डी'सूजा

दूसरी तरफ टेकबॉल नाम के नए खेल में भी भारत पदक जीतने की दौड़ में है। यह खेल पहली बार एशियन गेम्स में शामिल किया गया है। भारत की खिलाड़ी क्विम्सी डी'सूजा भले ही सेमीफाइनल मैच हार गईं, लेकिन अब वह ब्रॉन्ज मेडल के लिए मुकाबला करेंगी।

एशियन गेम्स के मुकाबले 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक खेले जाएंगे, जिनकी ओपनिंग और क्लोजिंग सेरेमनी नागोया के मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में होगी। इस बार 45 देशों और एक रिफ्यूजी टीम के लगभग 11 हजार खिलाड़ी 43 अलग-अलग खेलों में 469 गोल्ड मेडल के लिए मुकाबला करेंगे।

साभार