जीतू पटवारी के खिलाफ दर्ज FIR पर आई BJP की पहली प्रतिक्रिया, वीडी शर्मा बोले- 'सस्ती लोकप्रियता...'
जीतू पटवारी के खिलाफ दर्ज मुकदमे को लेकर एमपी बीजेपी के अध्यक्ष वीडी शर्मा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कानून मेरे लिए और आपके लिए अलग नहीं होता है. कानून अपना काम करता है.
मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी पर अशोक नगर जिले के मुंगावली थाने में FIR दर्ज की गई है. अब इसे लेकर बीजेपी ने प्रतिक्रिया देते हुए विरोधी पार्टी को घेरा है. मध्य प्रदेश बीजेपी के प्रमुख और पार्टी सांसद वीडी शर्मा ने कहा है कि कानून सबके लिए एक जैसा है.
जीतू पटवारी के खिलाफ दर्ज मुकदमे को लेकर वीडी शर्मा ने भोपाल में मीडिया से बातचीत में कहा, ''कानून मेरे लिए और आपके लिए अलग नहीं होता है. कानून अपना काम करता है. चाहे सत्ताधारी पार्टी हो या कोई और पार्टी, कानून सबके लिए एक जैसा है, इसलिए जीतू पटवारी जी आपके लिए कानून नहीं बदला जा सकता है.''
सस्ती लोकप्रियता की राजनीति बंद हो- वीडी शर्मा
उन्होंने आगे कहा, ''जीतू पटवारी जी, आपके खिलाफ हेराफेरी के गंभीर आरोप हैं. क्या झूठ बोलना और समाज में माहौल को खराब बनाना सामान्य बात है? सिर्फ इमोशंस पैदा करने के लिए आप जाति बदल लेते हैं तो इतनी सस्ती लोकप्रियता की राजनीति बंद करनी चाहिए. जो सत्य है सिर्फ उस पर बात कीजिए. जब कानून काम करता है तो वह पाप नहीं बल्कि न्याय होता है. कानून किसी के दबाव में काम नहीं करता है."
जीतू पटवारी पर क्या है आरोप?
एमपी कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी पर आरोप है कि एक शख्स को बरगलाकर उससे गलत बयानी कराई गई. बीते दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष पटवारी एक व्यक्ति की मौजूदगी में प्रशासनिक अधिकारी से फोन पर बात कर रहे थे. संबंधित को मानव मल खिलाने और पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने का आरोप भी लगा रहे थे. युवक ने गांव के सरपंच पति और बेटे पर मल खिलाने का आरोप लगाया था. अब जीतू पटवारी के खिलाफ इसी युवक ने मामला दर्ज कराया है.
अशोक नगर के एसपी विनीत जैन ने बताया है कि मुंगावली थाना क्षेत्र के युवक ने 26 जून को कलेक्टर अशोक नगर के समक्ष एक शपथ पत्र देकर बताया कि 25 जून को कांग्रेस के कुछ नेता उन्हें पटवारी से मिलवाने ओरछा ले गए थे. जहां प्रलोभन देने के साथ पटवारी ने सार्वजनिक तौर पर यह बयान देने को कहा कि उन्हें मानव मल खिलाया गया है. जबकि उनके साथ ऐसी कोई घटना नहीं हुई थी. युवक ने कहा कि पटवारी के कहने पर उन्होंने यह बयान दिया था.
साभार