थाना पहुंचे पूर्व CM भूपेश बघेल के बेटे, बंद कमरे में पूछताछ जारी, जानें पूरा मामला

छत्तीसगढ़ के पूर्व CM भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य को भिलाई-3 थाना पुलिस ने बुलाया है. उनसे असिस्टेंट प्रोफेसर विनोद शर्मा पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पूछताछ की जा रही है.

Sep 26, 2024 - 17:11
 0  12
थाना पहुंचे पूर्व CM भूपेश बघेल के बेटे, बंद कमरे में पूछताछ जारी, जानें पूरा मामला

 छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल से थाने में पूछताछ की जा रही है. दुर्ग पुलिस ने चैतन्य को भिलाई-3 थाने बुलाया है. यहां असिस्टेंट प्रोफेसर विनोद शर्मा पर हुए जानलेवा हमले के मामले में उनसे पूछताछ की जा रही है. जानकारी के मुताबिक बंद कमरे में चैतन्य से CSP और थाना प्रभारी पूछताछ कर उनके बयान दर्ज कर रहे हैं. 

थाना पहुंचे पूर्व CM भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य

छत्तीसगढ़ के पूर्व CM बघेल के बेटे चैतन्य को दुर्ग पुलिस ने बयान दर्ज करने के लिए थाने बुलाया है. वे भिलाई-3 थाने में अपने बयान दर्ज कराने के लिए पहुंचे हैं. जानकारी के मुताबिक भिलाई CSP छावनी हरीश पाटिल और भिलाई-3 थाना प्रभारी महेश ध्रुव बंद कमरे में उनसे पूछताछ कर रहे हैं. इस दौरान थाने के चारों तरफ बैरिकेडिंग की गई है. साथ ही किसी को भी अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है. 

क्या है मामला?

चैतन्य बघेल से भिलाई-3 महाविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर विनोद शर्मा पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पूछताछ की जा रही है. करीब दो महीने पहले 19 जुलाई 2024 को ग्रीन वैली में रहने वाले असिस्टेंट प्रोफेसर विनोद शर्मा पर 6 बदमाशों ने लाठी-डंडे से जानलेवा हमला किया था. दरअसल, दो बाइक पर सवार होकर आए 6 बदमाशों ने पहले विनोद शर्मा का रास्ता रोका. इसके बाद गाली-गलौच करने लगे और लाठी-डंडे से पिटाई शुरू कर दी. इस हमले में वह बुरी तरह घायल हो गए. 

असिस्टेंट प्रोफेसर का इलाज जारी

असिस्टेंट प्रोफेसर विनोद शर्मा का इलाज फिलहाल जारी है. पुलिस ने इस मामले में 6 में से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 3 आरोपी फरार हैं. बता दें कि इस मामले में दुर्ग पुलिस ने फरार आरोपियों पर इनाम की घोषणा और लुकआउट सर्कुलर भी जारी किया था. 

ठेकेदार पर हमला कराने का आरोप

गिरफ्तार हुए तीनों आरोपियों से पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ है कि विनोद शर्मा पर हमला भिलाई-चरोदा निगम के ठेकेदार प्रोबीर कुमार शर्मा ने करवाया था. हालांकि, मुख्य आरोपी ठेकेदार प्रोबीर कुमार शर्मा अब भी फरार है, जिस कारण अब तक हमले के कारण का खुलासा नहीं हो सका है. 

साभार