दिग्विजय सिंह ने गिरिराज सिंह को बताया अपना रिश्तेदार, बीजेपी नेता बोले- मैं मुगलों का..
हैंडलूम और टेक्सटाइल से जुड़े मुद्दे पर जवाब देते हुए गिरिराज सिंह बोल रहे थे. इसी दौरान दिग्विजय सिंह खड़े हुए और मजाकिया अंदाज में कहा कि 'माननीय मंत्री जी मेरे रिश्तेदार हैं.'
राज्यसभा में चर्चा के दौरान केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह के बीच एक हल्की-फुल्की मजाकिया नोकझोंक देखने को मिली. मंत्री टेक्सटाइल से जुड़े सवालों का जवाब दे रहे थे, तभी दिग्विजय सिंह ने मुस्कुराते हुए खुद को उनका 'रिश्तेदार' बता दिया. इस पर गिरिराज सिंह ने भी चुटीले अंदाज में जवाब देते हुए मुगलों का जिक्र कर दिया.
दरअसल, हैंडलूम और टेक्सटाइल से जुड़े मुद्दे पर जवाब देते हुए गिरिराज सिंह बोल रहे थे. इसी दौरान दिग्विजय सिंह खड़े हुए और मजाकिया अंदाज में कहा कि 'माननीय मंत्री जी मेरे रिश्तेदार हैं.' उन्होंने आगे कहा कि उनसे विनम्र निवेदन है कि वे उनके सवाल का संक्षिप्त उत्तर दें. दिग्विजय सिंह ने पूछा कि केंद्र सरकार सैकड़ों करोड़ रुपये के कपड़ों की खरीद करती है, जिनमें बैंडेड कपड़े भी शामिल हैं और ये ज्यादातर हैंडलूम में बनते हैं. ऐसे में क्या मंत्री जी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से यह अनुरोध करेंगे कि सरकारी खरीद में हैंडलूम और खादी को आरक्षण दिया जाए.
गिरिराज सिंह ने क्या कहा?
दिग्विजय सिंह के सवाल का जवाब देने के लिए जब गिरिराज सिंह खड़े हुए तो उन्होंने भी मजाकिया लहजे में कहा कि 'पहले हमें इनकी रिश्तेदारी की पूरी सूची ले आने दीजिए, क्योंकि इनकी कई मुगल सम्राटों से भी रिश्तेदारी रही है. उसकी भी सूची हम दे देंगे.'
इसके बाद गिरिराज सिंह ने विषय पर जवाब देते हुए कहा कि उन्हें यह जानकर खुशी होगी कि छत्तीसगढ़ में इस सरकार ने यूनिफॉर्म जैसी चीजों की खरीद हैंडलूम से करने की व्यवस्था की है. इसलिए इस मुद्दे को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है.
उन्होंने आगे चुटकी लेते हुए कहा कि उन्हें नहीं पता कि दिग्विजय सिंह को अपने 'युवराज' से मिलने का समय मिलता है या नहीं, लेकिन उन्हें प्रधानमंत्री से जब चाहें कुछ ही मिनटों में बात करने का मौका मिल जाता है. गिरिराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री सिर्फ किसी एक दल के नहीं, बल्कि पूरे देश के होते हैं- चाहे कोई माने या न माने.
साभार