देश भर में जन्‍माष्‍टमी की धूम, उत्तर से दक्षिण तक..कान्हा के जन्म पर ऐसे हो रही पूजा

देशभर में भगवान श्री कृष्ण के जन्मदिन को मनाया जा रहा है. इस पर्व की धूम उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत तक है. उत्तर प्रदेश के मथुरा वृंदावन में जन्माष्टमी की विशेष पूजा देखने को मिलेगी

Sep 7, 2023 - 19:57
 0  23
देश भर में जन्‍माष्‍टमी की धूम, उत्तर से दक्षिण तक..कान्हा के जन्म पर ऐसे हो रही पूजा

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम मची हुई है. मथुरा-वृंदावन में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव विशेष तरीके से मनाया जा रहा है. यहां के प्रमुख मंदिरों में 7 सितंबर की मध्यरात्रि 12 बजे कान्हा का जन्म होगा. इस मौके पर गली-गली हरे कृष्णा हरे कृष्णा से गूंज रही है. असल में इस साल जन्माष्टमी 2 दिन मनाई जा रही है. 6 सितंबर और 7 सितंबर इस तरह से व्रत का पारण भी दो दिन किया जाएगा, 7 सितंबर और 8 सितंबर के दिन व्रत का पारण कर सकते हैं. इस पर्व की धूम उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत तक है. कान्हा के जन्म को लेकर कहां क्या खास हो रहा है, इसे जानने के लिए लगातार अपडेट पाने के लिए जुड़े रहें.

07 September 2023

19:10 PM

कश्मीर के लाल चौक पर दिखी कान्हा की मनमोहक झांकी

कश्मीर में भी कृष्ण जनमाष्टमी का पर्व मनाया जा रहा है. श्रीनगर की सड़कों पर धूमसे चलती दिखी शोभा यात्रा लोगों का मन मोह रही है. कश्मीरी पंडित समुदाय और अन्य लोगों ने भगवान कृष्ण की जन्म दिन मनाया. हब्बा कदल में स्थित कत्लेश्वर मंदिर से निकली शोभा यात्रा प्रसिद्ध लाल चौक से गुजरते हुए घंटाघर पहुंची और वहां संपन्न हुई. इस यात्रा में भगवान कृष्ण की फूलों से सजी झांकी निकाली गई. रास्ते पर मुस्लिम और अन्य धर्म के लोगों ने शोभा यात्रा पर फूल बरसाए और बधाई दी.

19:08 PM

कुछ इस तरह से करें मुरारी की पूजा 

भगवान श्रीकृष्‍ण का दूध और गंगाजल से अभिषेक करें. फिर उन्‍हें नए वस्‍त्र पहनाएं. मोरपंखी मुकुट लगाएं. बांसुरी, चंदन, वैजंयती माला से श्रृंगार करें. उन्‍हें भोग में तुलसी दल, फल, मखाने, मक्खन, मिश्री का भोग, मिठाई, मेवे, पंजारी आदि अर्पित करें. फिर दीप-धूप करें. आखिर में श्री कृष्ण के बाल स्वरूप की आरती उतारें और प्रसाद बांटें. उनके लिए पालना सजाया जाता है और उसमें उन्‍हें झुलाया जाता है.

19:07 PM

जन्‍माष्‍टमी पर दुर्लभ संयोग

हिंदी पंचांग के अनुसार भाद्रपद माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि 6 सितंबर 2023 की दोपहर 03:37 मिनट पर शुरू होगी और 7 सितंबर 2023 की शाम 04:14 मिनट पर समाप्त होगी. चूंकि भगवान कृष्‍ण का जन्‍म मध्‍यरात्रि को हुआ था इसलिए जन्‍माष्‍टमी पर्व रात को मनाया जाता है. इस कारण जन्‍माष्‍टमी तिथि 7 सितंबर को मानी जाएगी.

19:06 PM

मथुरा-वृंदावन की गली-गली में कान्हा की धूम

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व मथुरा-वृंदावन में विशेष तरीके से मनाया जा रहा है. यहां के प्रमुख मंदिरों में 7 सितंबर की मध्यरात्रि 12 बजे कान्हा का जन्म होगा. इस मौके पर गली-गली हरे कृष्णा हरे कृष्णा से गूंज रही है. जन्मोत्सव का साक्षी बनने के लिए देश-विदेश से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पहुंची है. लल्ला के स्वागत के लिए मथुरा-वृंदावन को दुल्हन की तरह सजाया गया है.