नलखेड़ा मंदिर पहुंचे दिल्ली के डिप्टी CM प्रवेश वर्मा, क्यों नेताओं के लिए खास है यह जगह
दिल्ली के डिप्टी सीएम प्रवेश वर्मा चुनाव जीतने के बाद पहली बार मध्य प्रदेश पहुंचे, जहां उन्होंने नलखेड़ा मंदिर में विशेष पूजा अर्चना की है.
मध्य प्रदेश के दामाद और दिल्ली के डिप्टी सीएम प्रवेश वर्मा चुनाव जीतने के बाद पहली बार एमपी पहुंचे, जहां उन्होंने आगर-मालवा जिले के प्रसिद्ध नलखेड़ा स्थित विश्व प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर में सह परिवार विशेष पूजा अर्चना करवाई और मां का आशीर्वाद लिया, इसके अलावा वह उज्जैन भी पहुंचे और बाबा महाकाल का आशीर्वाद भी लिया. प्रवेश वर्मा का इस मंदिर में आना खास माना जा रहा है, क्योंकि नलखेड़ा का मंदिर राजनेताओं के लिए खास माना जाता है, प्रवेश वर्मा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत हासिल की है, जिसके बाद उन्हें उपमुख्यमंत्री बनाया गया है.
प्रवेश वर्मा ने नलखेड़ा मंदिर में करवाया हवन
दरअसल, नलखेड़ा में स्थित मां बंगलामुखी का मंदिर राजसत्ता की देवी का मंदिर माना जाता है. मान्यता है कि यहां पर नेताओं की जो भी मनोकामना होती है, मां उसे पूरा करती हैं. इसके कई उदाहरण भरे पड़े हैं. प्रवेश वर्मा ने भी मंदिर में गुरुवार को विशेष हवन पूजन करवाया, इस दौरान मंदिर के पुजारियों ने पूरे विधि विधान से पूजा संपन्न करवाई. वहीं स्थानीय बीजेपी के नेताओं ने भी प्रवेश वर्मा का स्वागत किया और उन्हें जीत की बधाई दी.
बाबा महाकाल का भी लिया आशीर्वाद
वहीं प्रवेश वर्मा ने उज्जैन पहुंचकर बाबा महाकाल का भी आशीर्वाद लिया. उन्होंने नंदी हाल में बैठकर मंदिर में पूजा अर्चना की और नंदी बाबा के कान में अपनी मनोकामना भी जताई. इस दौरान उन्होंने उज्जैन के बाबा महाकाल मंदिर की दर्शन व्यवस्था की भी जमकर तारीफ की है.
एमपी के दामाद हैं प्रवेश वर्मा
दरअसल, दिल्ली के पूर्व सीएम साहिब सिंह वर्मा के बेटे प्रवेश वर्मा मध्य प्रदेश के दामाद हैं, वह धार से बीजेपी विधायक नीना वर्मा और पूर्व केंद्रीय मंत्री विक्रम वर्मा के दामाद है. उनकी बड़ी बेटी की शादी प्रवेश वर्मा के साथ हुई है, जिनका नाम स्वाति वर्मा है. इस लिहाज से प्रवेश वर्मा की चुनावी जीत के चर्चे मध्य प्रदेश में भी जमकर हुए थे. नीना वर्मा भी धार विधानसभा सीट से विधायक हैं.
अरविंद केजरीवाल को हराया चुनाव
प्रवेश वर्मा का बीजेपी ने 2024 के लोकसभा चुनाव में टिकट काट दिया था, जबकि इस बार उन्हें नई दिल्ली विधानसभा सीट से दिल्ली के सीएम रहे अरविंद केजरीवाल के खिलाफ चुनाव मैदान में उतारा था, जहां वह ज्वाइंट किलकर बनकर उभरे और उन्होंने चुनाव में अरविंद केजरीवाल को चार हजार से ज्यादा वोटों से हराकर करारी शिकस्त दी थी. प्रवेश वर्मा अब तक एक भी बार चुनाव नहीं हारे हैं, वह दो बार सांसद और दूसरी बार विधायक बने हैं. वह 2013 में दिल्ली के महरौली विधानसभा सीट से पहली बार विधायक बने थे, जबकि 2014 और 2019 का लोकसभा चुनाव उन्होंने जीता था. जबकि 2025 के विधानसभा चुनाव में उन्हें केजरीवाल को हराया. जहां दिल्ली में बीजेपी की सरकार बनने के बाद उन्हें डिप्टी सीएम बनाया गया है.
साभार