पर्यटन का महाकुंभ; टूरिज्म मंत्री ने कहा- MP बनेगा विश्वस्तरीय मंच, अतुल्य भारत का हृदय
मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट 2025 का उद्देश्य राज्य को पर्यटन, फिल्म, वेडिंग और जिम्मेदार पर्यटन के क्षेत्र में वैश्विक निवेश और साझेदारी का केंद्र बनाना है. अधिकारियों ने बताया कि इस आयोजन के माध्यम से राज्य की ब्रांड पहचान 27 अंतरराष्ट्रीय बाजारों कै साथ पूरे विश्व में पहुंचेगी. यह आयोजन पर्यटन क्षेत्र में नई संभावनाओं, निवेश और सहयोग के द्वार खोलेगा.
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 11 से 13 अक्टूबर 2025 तक कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट (MPTM) 2025 का आयोजन होगा. यह आयोजन घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय बायर्स, सेलर्स, ट्रैवल एजेंट्स, फिल्म प्रतिनिधियों और पर्यटन जगत के सभी हितधारकों को एक ही प्लेटफार्म पर जोड़ेगा. मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा आयोजित इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में 27 देशों के 80 से अधिक विदेशी टूर ऑपरेटरों, 150 घरेलू टूर ऑपरेटरों, 355 सेलर्स, फिल्म जगत से जुड़े प्रतिनिधि और मीडिया सहित कुल 700 से अधिक प्रतिभागी शामिल होंगे. यह भारत का सबसे बड़ा राज्य-स्तरीय ट्रैवल मार्ट होगा, जो मध्यप्रदेश को “अतुल्य भारत का हृदय” के रूप में वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करेगा.
आर्थिक उन्नति के द्वार खुलेंगे: पर्यटन मंत्री
पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने बताया कि फिक्की की सहयोग से आयोजित होने वाला यह देश के सबसे बड़े राज्य-स्तरीय ट्रैवल मार्ट में से एक होगा. इससे हमारे प्रदेश के होटलियर, ट्रैवल और टूर ऑपरेटर, होमस्टे संचालक और पर्यटन हितग्राही जिन्हें सेलर्स कहा जाता है. उन्हें बायर्स कहे जाने वाले विदेश और देश के प्रमुख होटलियर, ट्रैवल और टूर ऑपरेटर से सम्पर्क में आयेगे. इससे न सिर्फ मध्यप्रदेश में पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी बल्कि साथ साथ पर्यटन क्षेत्र में आर्थिक उन्नति के द्वार खुलेंगे. पर्यटन के श्रेत्र में स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ेंगे.
यह आयोजन पर्यटन, आतिथ्य, फिल्म, वेडिंग और MICE सेक्टर में निवेश, साझेदारी और सहयोग का अवसर प्रदान करेगा. कार्यक्रम के दौरान 3000 से अधिक बी-टू-बी मीटिंग्स आयोजित होंगी, जो अब तक मध्यप्रदेश के पर्यटन क्षेत्र में होने वाला सबसे बड़ा व्यावसायिक संवाद होगा.
इसके साथ ही पर्यटन और फिल्म उद्योग से जुड़े अंतर्राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस तथा राउंडटेबल सत्र भी होंगे, जिनमें राज्य सरकारों (G2G) और वेडिंग एवं कॉर्पोरेट आयोजकों (G2B) के साथ विषयगत चर्चा की जाएगी. इस आयोजन में पर्यटन मंत्रालय के साथ–साथ विभिन्न राज्यों के पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी सम्मिलित होंगे.
MP टूरिज्म को वैश्विक मंच पर स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम : शिव शेखर शुक्ला
पर्यटन, संस्कृति, गृह और धार्मिक न्यास के एवं धर्मस्व विभाग के अपर मुख्य सचिव शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट 2025 के माध्यम से प्रदेश अपने समृद्ध पर्यटन उत्पादों — धरोहर, वन्य जीवन, ग्रामीण संस्कृति, हस्तशिल्प, खानपान और फिल्म पर्यटन — को एक ही मंच पर प्रदर्शित करेगा.
यहां 120 से अधिक स्टॉल्स लगाए जाएंगे, जिसमें प्रदेश के हथकरघा एवं हस्तशिल्प के उत्पाद होंगे, गोंड आर्ट एवं चंदेरी साड़ी का लाइव डेमो होगा. हितधारकों के स्टॉल्स भी इसमें शामिल होंगे. निवेश संवर्धन, नई पर्यटन परियोजनाओं के समझौते और फिल्म नीति के अंतर्गत सहयोगात्मक घोषणाएं भी की जाएंगी.
इस आयोजन में विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में सुप्रसिद्ध नृत्य संयोजक सुश्री मैत्रेयी पहाड़ी के निर्देशन में मध्यप्रदेश के नैसर्गिक सौंदर्य और ऐतिहासिक विरासत को प्रदर्शित करते लगभग 40 मिनट की समूह नृत्य प्रस्तुति एवं प्रदेश की सांगीतिक पहचान का प्रतीक मैहर बैंड द्वारा विशेष प्रस्तुति के साथ–साथ प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और जनजातीय परंपराओं का परिचय कराने के लिए लोकनृत्य एवं जनजातीय नृत्य की प्रस्तुतियां दी जाएंगी. स्थानीय व्यंजन और पारंपरिक लोक संस्कृति इस आयोजन को और जीवंत बनाएंगे.
आयोजन के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव के साथ वन-टू-वन निवेशक सत्र आयोजित किए जाएंगे. इसके साथ ही पर्यटन की संभावनाओं पर केंद्रित पैनल डिस्कशन भी होंगे, जिनमें दो प्रमुख सत्र विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे.
पहला सत्र “मध्यप्रदेश: हिडन जेम से ग्लोबल आइकन तक” राज्य की धरोहर, वन्य जीवन, इको-टूरिज्म और उत्सवों पर केंद्रित होगा. दूसरा सत्र “द फ्यूचर ऑफ द फिल्म सेक्टर इन मध्य प्रदेश : फ्रॉम रील टू रियल ग्रोथ” फिल्म निर्माण और फिल्म आधारित पर्यटन के अवसरों पर चर्चा के लिए समर्पित होगा. इन दोनों ही सत्रों में देश-विदेश के विशेषज्ञ, निवेशक और उद्योग जगत के प्रतिनिधि शामिल होंगे.
साभार