पाकिस्तान की गजब बेइज्जती, बांग्लादेश के शेरों ने घर में घुसकर रौंदा; टेस्ट सीरीज में किया सफाया
बांग्लादेश के शेरों ने पाकिस्तान को उन्हीं के घर में करारी शिकस्त दी है. पाकिस्तान को दो टेस्ट मैचों की घरेलू सीरीज में 2-0 से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा. बांग्लादेश के शेरों ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को रौंद दिया
बांग्लादेश के शेरों ने पाकिस्तान को उन्हीं के घर में करारी शिकस्त दी है. पाकिस्तान को दो टेस्ट मैचों की घरेलू सीरीज में 2-0 से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा. बांग्लादेश के शेरों ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को रौंद दिया. पहला टेस्ट 10 विकेट से जीतने के बाद बांग्लादेश के शेरों ने दूसरे मैच में भी उन्हें चारों खाने चित कर दिया. दूसरा मैच बांग्लादेश ने 6 विकेट से अपने नाम कर सीरीज में पाकिस्तान का क्लीन स्वीप कर किया.
दूसरे मैच में भी चटाई धूल
पहले टेस्ट में 10 विकेट से मात देने के बाद बांग्लादेश ने दूसरे मुकाबले को 6 विकेट से नाम किया. लिटन दास (138 रन) को उनके शानदार शतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. दास ने पहली पारी में टीम के 26 रन पर 6 विकेट गिरने के बाद यह शतक बनाया और टीम को 262 रन तक तक पहुंचाकर पाकिस्तान की बढ़त को लगभग खत्म कर दिया. मेहदी हसन मिराज को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया. उन्होंने दोनों ही मैचों में ऑलराउंडर प्रदर्शन करते हुए गेंद और बल्ले से कमाल किया.
गेंदबाजों के आगे पस्त पाकिस्तान
बांग्लादेश के गेंदबाजों ने दूसरे मुकाबले में महफिल लूटी. पहली पारी में मेहदी हसन मिराज (5 विकेट) और तस्कीन अहमद (3 विकेट) के आगे पाकिस्तान की टीम 274 रन पर ढेर हो गई. सैम अयूब (58), शान मसूद (57) और अघा सलमान (54 रन) ने अर्धशतक जमाए. दूसरी पारी में पाकिस्तान का बंटाधार हसन महमूद (5 विकेट) और नाहिद राणा (4 विकेट) ने किया. उनके आगे पाकिस्तान का एक भी बल्लेबाज अर्धशतक तक नहीं जड़ सका.
दास-मेहदी ने कराई बांग्लादेश की वापसी
पहली पारी में खुर्रम शहजाद (6 विकेट) की आग उगलती गेंदों के सामने बांग्लादेश का स्कोर एक समय पर 26 रन पर 6 विकेट था. इसके बाद लिटन दास और मेहदी हसन मिराज ने बांग्लादेश की पारी को संभाला और 262 रन के स्कोर तक पहुंचाया, जिससे पाकिस्तान को सिर्फ 12 रनों की ही लीड मिली. इसके बाद पाकिस्तान से मिले लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश ने 56 ओवर में 4 विकेट खोकर 185 रन बनाए और जीत दर्ज कर ली.
पहली बार जीता बांग्लादेश
बांग्लादेश ने पहली बार पाकिस्तान को टेस्ट सीरीज में मात दी है. इससे पहले तक बांग्लादेश की टीम पाकिस्तान को टेस्ट सीरीज में कभी हरा नहीं पाई थी. इसके अलावा बांग्लादेश ने विदेशी धरती पर दूसरी बार ही द्विपक्षीय टेस्ट सीरीज जीती है जिसमें दो या अधिक टेस्ट खेले गए हैं. इससे पहले उसने 2009 में वेस्टइंडीज में जीत दर्ज की थी.
साभार