बहुत चमत्कारी थे MP के प्रसिद्ध संत सियाराम बाबा, दान में लेते थे सिर्फ 10 रुपए

आज हम आपको हनुमान जी के एक ऐसे चमत्कारी भक्त के बारे में बता रहे हैं, जो 1 पैर पर खड़े होकर 11 साल तक तप किए थे. ये बाबा अपने भक्तों से दान में सिर्फ 10 रुपये ही लेते थे.

Dec 11, 2024 - 17:10
 0  10
बहुत चमत्कारी थे MP के प्रसिद्ध संत सियाराम बाबा, दान में लेते थे सिर्फ 10 रुपए

अब तक आपने कई ऐसे बाबाओं के बारे में सुना या देखा होगा, जो आए दिन किसी न किसी तरह के चमत्कार दिखाते रहते हैं, लेकिन आज हम आपको एक ऐसे प्रसिद्ध बाबा के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनकी कहानी सुनने के बाद आपको भी यकीन नहीं होगा. कड़ाके की ठंड हो या बरसात ये बाबा सिर्फ एक लंगोटी में रहते थे. लोग देश-विदेश से इनके दर्शन करने भी पहुंचते थे. आइए जानते हैं कौन थे ये बाबा और क्या हैं इनके चमत्कार?

जानिए कौन थे ये बाबा

दरअसल, खरगोन जिले के प्रसिद्ध संत सियाराम बाबा का निधन हो गया है. बाबा खरगोन जिले के नर्मदा नदी के घाट पर स्थित भट्याण आश्रम के संत थे और यहीं रहते थे. बाबा की वास्तविक उम्र किसी को नहीं पता है. कुछ लोगों का कहना है कि बाबा की उम्र 130 साल है, तो कुछ का कहना है कि यह 110 साल के थे. चमत्कार की बात यह है कि इस उम्र में भी संत सियाराम बाबा रोज बिना चश्मे के 17 से 18 घंटे रामायण का पाठ करते थे. बताया जाता है कि इतनी लंबी उम्र होने के बावजूद भी वो अपना सारा काम खुद कर लेते थे और अपना भोजन भी खुद ही पकाते थे.

10 साल तक 1 पैर फर खड़े होकर किए थे तप

संत सियाराम बाबा के बारे में कई कथाएं प्रचलित हैं. इनके बारे में ऐसा बताया जाता है कि वे 10 सालों तक एक पैर पर खड़े होकर तप किए थे. संत सियाराम बाबा 7वीं क्लास की पढ़ाई के बाद किसी संत के संपर्क में आएं, उसके बाद उन्होंने घर और परिवार छोड़ दिया. जिसके बाद वह तपस्या करने के लिए हिमालय चले गए. उन्होंने करीब 12 वर्षों तक मौन व्रत धारण किया. उम्र के साथ-साथ इनके जन्मस्थानों को लेकर भी स्थानीय लोगों में मतभेद है. कुछ लोग कहते हैं कि बाबा का जन्म महाराष्ट्र के आसपास किसी जिले में हुआ है.

हनुमान जी के उपासक थे बाबा

संत सियाराम बाबा हनुमान जी के परम भक्त थे. वे हमेशा रामचरित मानस का ही पाठ करते रहते थे. भीषण गर्मी हो, कड़ाके की ठंड हो या फिर भीषण बरसात बाबा केवल एक लंगोट में ही रहते थे. ऐसा कहा जाता है कि उन्होंने ध्यान-साधना से अपने शरीर को मौसम के अनुकूल बना लिया था. बाबा के शरीर की संरचना को देखकर ही यह अंदाजा लगाया जा सकता था कि वह कोई दिव्य पुरुष हैं. 

दान में लेते थे सिर्फ 10 रुपये

संत सियाराम बाबा मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के नर्मदा नदी के घाट पर स्थित भट्याण आश्रम के संत थे, वे यहीं पर रहते थे और बहुत कम बोलते थे. बाबा के दर्शन के लिए देश-विदेश से श्रद्धालु आते थे. सबसे खास बात यह है कि ये बाबा अपने भक्तों दान में सिर्फ 10 रुपये ही लेते थे. अगर कोई भक्त 10 रुपये से अधिक दान में देता था तो उसे 10 रुपये लेकर बाकी के पैसे लौटा देते थे. सबसे खास बात यह है कि यह 10 रुपये भी वे समाज के कल्याण में लगा देते थे. बताया जाता है कि संत सियाराम बाबा नर्मदा नदी के घाट पर मरम्मत के लिए करीब 2 करोड़ 57 लाख रुपए दान किए थे.

नहीं रहे संत सियाराम बाबा 

बता दें कि संत सियाराम बाबा को निमोनिया था. उनका एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था. लेकिन आज उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया. उन्होंने भट्टयान बुजुर्ग आश्रम में सुबह 6 बजे अंतिम सांस ली.

साभार