बिहार के सेशन जज पर सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी- कानून पर आपकी समझ निराशाजनक, खुद को बाहुबली न समझें
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि कानून के बारे में आपकी समझ वाकई निराशाजनक है, आपने आक्रामक रवैया अपनाया. पुलिस अधीक्षक को बुलाया और उसी दिन दोषी ठहरा दिया. बाहुबली की तरह बर्ताव करना बंद करें.
बिहार के सेशन जज पर सुप्रीम कोर्ट ने सख्त टिप्पणी की है कि कानून की आपकी समझ बेहद निराशाजनक है. ‘बाहुबली' की तरह बर्ताव करना बंद करें. पुलिस अधिकारी को FIR दर्ज करने का निर्देश नहीं मानने पर दोषी ठहराने और जुर्माना लगाने का मामले में सुप्रीम कोर्ट ने ये टिप्पणी की. जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने पूछा- क्या जज अपने अधिकार क्षेत्र में थे? कोर्ट ने बिहार के एक सेशन जज के कामकाज पर कड़ी नाराजगी जताई है. जज ने एक पुलिस अधिकारी को अदालत के निर्देश पर FIR दर्ज नहीं करने के लिए दोषी ठहराते हुए उस पर जुर्माना लगा दिया था. इस मामले की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने जज की कानूनी समझ पर सवाल उठाए और उनके रवैये को लेकर तीखी टिप्पणी की.
कानून के बारे में आपकी समझ वास्तव में बेहद निराशाजनक है- SC
CJI सूर्यकांत की अगुवाई वाली पीठ में सुनवाई के दौरान जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने कहा कि जज को पहले यह समझना चाहिए कि अदालत की अवमानना या अदालत के सामने किए गए अपराध का कानूनी दायरा क्या है. जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने कहा कि BNSS की धारा 384 और CrPC की धारा 345 के दायरे को समझना जरूरी है. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अगर कोई व्यक्ति अदालत कक्ष में किसी को थप्पड़ मारता है, अदालत को गाली देता है या अदालत के निर्देश के बावजूद कोर्ट रूम छोड़ने से इनकार करता है तो इसे अदालत के सामने किया गया अपराध माना जा सकता है, लेकिन अगर अदालत किसी व्यक्ति को FIR दर्ज करने का निर्देश देती है और वह ऐसा नहीं करता तो इसे अदालत के सामने किया गया अपराध नहीं माना जा सकता. जस्टिस बागची ने कहा कि कानून के बारे में आपकी समझ वास्तव में बेहद निराशाजनक है. आप जिस तरह का आक्रामक रवैया अपना रहे हैं, उसमें आपने पुलिस अधीक्षक को बुलाया और उसी दिन उन्हें दोषी भी ठहरा दिया.
DM और SP को बुलाकर उसी दिन दोषी ठहराने पर सवाल उठाते हुए सुप्रीम कोर्ट ने सेशन जज की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या वह अपने अधिकार क्षेत्र में रहते हुए कार्रवाई कर रहे थे? पीठ ने पूछा कि क्या जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक को अदालत में बुलाना, उनके उपस्थित नहीं होने को अदालत के सामने किया गया अपराध मानना और उसी आधार पर उन्हें दोषी ठहराकर सजा देना जज के अधिकार क्षेत्र में था?
‘बाहुबली' की तरह व्यवहार करना बंद करें
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने याचिकाकर्ता जज के वकील से कहा कि वह अपने मुवक्किल को सलाह दें कि वह ‘बाहुबली' की तरह व्यवहार करना बंद करें. BNSS की धारा 384 और CrPC की धारा 345 का हवाला देते हुए कोर्ट ने कहा कि इन प्रावधानों के तहत अदालत के सामने या उसकी कार्यवाही के दौरान कुछ विशिष्ट अपराध होने पर अदालत को कार्रवाई करने का अधिकार मिलता है, हालांकि अदालत के किसी निर्देश का पालन नहीं करना अपने आप में इस श्रेणी का अपराध नहीं बन जाता. ऐसे मामलों में कार्रवाई के लिए कानून में निर्धारित अलग प्रक्रिया और अधिकार क्षेत्र का पालन करना जरूरी है.
साभार