बिहार में कांग्रेस कहीं दिख नहीं रही... राहुल गांधी के बिहार दौरे पर प्रशांत किशोर का तंज

बिहार में कांग्रेस पार्टी केवल 9 सीटों पर चुनाव लड़ रही है. 1 जून को अंतिम चरण का मतदान है. राहुल गांधी ने आज राज्य में कई रैलियां कर रहे हैं. इससे पहले प्रशांत किशोर ने साफ कहा है कि बिहार में कांग्रेस कहीं नहीं है.

May 27, 2024 - 16:19
 0  15
बिहार में कांग्रेस कहीं दिख नहीं रही... राहुल गांधी के बिहार दौरे पर प्रशांत किशोर का तंज

लोकसभा चुनाव को लेकर नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी है. आखिरी चरण के मतदान के मद्देनजर दिल्ली से नेताओं का बिहार में प्रचार का सिलसिला भी जारी है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने आज बख्तियारपुर में तेजस्वी यादव के साथ रैली की. इससे पहले चुनावी रणनीतिकार और बिहार में जन सुराज पदयात्रा कर रहे प्रशांत किशोर ने तंज कसते हुए कहा कि बिहार में कांग्रेस कहीं दिखाई नहीं दे रही है.

किशोर ने पत्रकारों के एक सवाल पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, 'मैं बिहार में हूं और इसी राज्य में पदयात्रा कर रहा हूं. जहां तक कांग्रेस का सवाल है और कांग्रेस के संदर्भ में मुझसे सवाल का जवाब चाह रहे हैं तो हमको बिहार में कांग्रेस कहीं गांव-देहात में नहीं दिखी. मैं पिछले 17 महीने से पदयात्रा कर रहा हूं. मुझे न कहीं कांग्रेस दिखी न कांग्रेस का झंडा दिखा, न ही कोई कार्यकर्ता दिखा, न ही कोई कार्यक्रम दिखा.'

उन्होंने कहा कि इसके बावजूद कांग्रेस बहुत बड़ी पार्टी है. अगर बिहार में कोई प्रयास कर रहा है तो अच्छी बात है. उन्होंने इस दौरान राजद को लेकर कहा कि अब किसको कौन सी जिम्मेदारी कौन सा दल दे रहा है, ये तो दलों की अपनी समझ है. RJD की जिम्मेदारी तेजस्वी यादव और जगदानंद सिंह पर है. अब ये पद उन्हें क्यों दिए, ये तो राजद वाले ही बता सकते हैं. कांग्रेस वाले बता सकते हैं कि वो बिहार में क्या करना चाहती है?

कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे रविवार को बिहार आए थे. इसके बाद राहुल गांधी सोमवार को बिहार पहुंचे. राजद और दूसरे दलों से सीट समझौते के मुताबिक, कांग्रेस बिहार में केवल नौ सीटों पर चुनाव लड़ रही है.

बख्तियारपुर रैली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने दावा किया कि अगर विपक्षी गठबंधन INDIA सत्ता में आता है तो सेना में अल्पकालिक भर्ती की अग्निपथ योजना को रद्द कर दिया जाएगा. इसके अलावा हर महिला के खाते में 8,500 रुपये महीने जमा किए जाएंगे. राहुल ने दोहराया कि नरेंद्र मोदी फिर से प्रधानमंत्री नहीं बन पाएंगे क्योंकि देश भर में विपक्षी गठबंधन के पक्ष में स्पष्ट लहर है. उन्होंने कहा ‘जब ‘इंडिया’ गठबंधन की सरकार बनेगी तो अग्निपथ योजना को रद्द कर दिया जाएगा.’

साभार