मध्य प्रदेश: फूल माला की जगह कॉपी-पेन से स्वागत, पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह की पहल की हो रही तारीफ

पूर्व गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह ने फूलमाला की जगह स्कूली सामान से स्वागत की परंपरा शुरू की. सेवन ग्राम में कॉपी-पेन, क्रिकेट किट, स्वेटर से स्वागत हुआ जो बच्चों को दिया गया.

Dec 29, 2025 - 19:57
 0  5
मध्य प्रदेश: फूल माला की जगह कॉपी-पेन से स्वागत, पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह की पहल की हो रही तारीफ

मध्य प्रदेश में एक अनोखी परंपरा की शुरुआत हुई है जो न सिर्फ पर्यावरण के अनुकूल है, बल्कि समाज के जरूरतमंदों के लिए भी फायदेमंद साबित हो रही है. राज्य के पूर्व गृहमंत्री और खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह ने फूलमालाओं की जगह स्कूली स्टेशनरी और गरीबों के उपयोग की वस्तुओं से स्वागत कराने की शुरुआत की है. यह पहल अब तेजी से लोकप्रिय हो रही है.

आमतौर पर नेताओं का स्वागत महंगी फूलमालाओं और गुलदस्तों से होता है, जो कुछ घंटे बाद कचरे में फेंक दी जाती हैं. इसी बर्बादी को रोकने के लिए पूर्व गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह ने दिसंबर माह में इस अनोखी पहल की शुरुआत की. अब यह सिलसिला लगातार जारी है और भाजपा में भी नेताओं ने स्वागत की भीड़भाड़ से परहेज करने की सलाह दी है.

दो लाख रुपये की सामग्री का वितरण

अब तक स्वागत में मिली लगभग दो लाख रुपये मूल्य की उपयोगी सामग्री का वितरण स्कूली बच्चों और जरूरतमंदों को किया जा चुका है. हाल ही में सेवन ग्राम में हुए ऐसे ही स्वागत की सामग्री वहां की हायर सेकंडरी स्कूल में वितरित की गई, जिसे प्राप्त कर छात्र-छात्राओं का उत्साह देखने योग्य रहा.

सेवन ग्राम में हुआ अनोखा स्वागत

सागर जिले के सेवन ग्राम में आयोजित समरसता कार्यक्रम में पूर्व गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह का आसपास के ग्रामवासियों और बांदरी नगरपरिषद क्षेत्र से पहुंचे लोगों ने क्रिकेट किट, कॉपी-पेन, रजिस्टर, कंपास बॉक्स, पानी की बोतल, बैग, स्वेटर, फल और टॉफियों से भव्य स्वागत किया. कार्यक्रम में फूल मालाओं और गुलदस्तों का कोई स्थान नहीं था. स्वागतकर्ताओं ने चंदन-हल्दी का तिलक लगाया और अपनी-अपनी स्वागत सामग्री मुख्य अतिथि को प्रदान की, जिससे मंच पूरा भर गया.

भूपेंद्र सिंह ने दिया खास संदेश

पूर्व गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह ने बच्चों को स्वागत की नई परंपरा की जानकारी देते हुए कहा, "देखो इस सबमें मैं निमित्त मात्र हूं, यह सारी सामग्री क्षेत्र के ही लोगों ने दी है जो आप सबके काम आएगी. मैं इन सभी स्वागतकर्ताओं का हृदय से आभारी हूं." उन्होंने आगे कहा, "बच्चों को पढ़ने-लिखने का सामान मिल जाए, गरीबों को ठंड बचाने के लिए स्वेटर-कंबल मिल जाएं, इससे अच्छा स्वागत कोई और हो सकता है क्या? फूल मालाएं तो भगवान या फिर साधु-संतों को चढ़ाने पर ही अच्छी लगती हैं."स्वागतकर्ताओं की भागीदारी

सामग्री से स्वागत करने वालों में बांदरी नगरपरिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि विश्वनाथ सिंह ने क्रिकेट किट से, भाजपा मंडल अध्यक्ष अनिल पाराशर सहित अनेक गणमान्य लोगों ने विभिन्न स्टेशनरी सामग्री से स्वागत किया. शिक्षकीय स्टाफ ने सभी उपस्थित छात्र-छात्राओं को समानता और आवश्यकता अनुसार पूरी स्वागत सामग्री का वितरण कर दिया.

कार्यालय में भी बदलाव

सागर स्थित कार्यालय में भी भेंट करने वाले आगंतुकों ने पूर्व गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह के संकल्प का सम्मान करते हुए फूल मालाओं और पुष्प गुच्छों को लाना बंद कर दिया है. इसके एवज में आगंतुक गणमान्य जनों ने हल्दी-चंदन के तिलक के साथ विभिन्न प्रकार की ऐसी उपयोगी सामग्री से स्वागत किया जो स्कूली बच्चों और जरूरतमंदों को बांटी जा सके.

कार्यालय आने वाले स्वागतकर्ता कंबल, कॉपी-पेन, आकाश गोदना बीना 40 कॉपी, पेन-पेंसिल, स्कूल बैग आदि ला रहे हैं. यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण में मददगार है, बल्कि समाज के कमजोर वर्गों के लिए भी लाभदायक साबित हो रही है.

साभार