लोकसभा चुनाव 2024: बिन मांगी मुराद पूरी हो गई! बीजेपी के लिए क्यों मुफीद है सात चरणों का टाइम टेबल
लोकसभा चुनाव 2024 का कार्यक्रम बीजेपी के लिए बिन मांगी मुराद पूरी होने जैसा है. मध्य प्रदेश और राजस्थान में शुरुआती चरणों में चुनाव होने हैं. बीजेपी पिछले साल नवंबर के विधानसभा चुनाव में मिली जीत को लोकसभा चुनाव में भुना सकती है.
लोकसभा चुनाव 2024 का कार्यक्रम पिछले आम चुनाव से छह दिन ज्यादा चलेगा. चुनाव आयोग ने सात चरणों में लोकसभा चुनाव कराने की घोषणा की है. 2019 चुनाव के मुकाबले इस बार मध्य प्रदेश और राजस्थान में जल्दी वोटिंग होगी. बीजेपी नवंबर 2023 में इन दोनों राज्यों के विधानसभा चुनाव जीती थी. उसके बाद कुछ चुनावी घोषणाओं पर अमल से वोटर्स के बीच पैठ और मजबूत हुई है. एमपी और राजस्थान में लोकसभा चुनाव के शुरुआती चरणों में वोटिंग के दौरान, बीजेपी उस माहौल को भुना सकती है. 2019 में भी लोकसभा चुनाव सात चरणों में कराए गए थे. राजस्थान में चौथे और पांचवें चरण में वोटिंग हुई थी. मध्य प्रदेश में चौथे चरण से लेकर सातवें चरण तक मतदान चला था. लोकसभा चुनाव 2024 के पहले और दूसरे चरण में ही राजस्थान में वोटिंग पूरी हो जाएगी. मध्य प्रदेश में भी चौथे चरण तक चुनाव खत्म हो जाएंगे.
लोकसभा चुनाव 2019 से तुलना करें तो 2024 का चुनावी कार्यक्रम काफी अलग है. तेलंगाना में पिछली बार लोकसभा चुनाव के पहले चरण में ही मतदान कराया गया था. 2023 तेलंगाना विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी. लोकसभा चुनाव 2024 के लिए तेलंगाना में वोटिंग चौथे चरण में होगी.
पिछले आम चुनाव में, ओडिशा के भीतर पहले चरण से चौथे चरण के बीच मतदान हुआ था. इस बार ओडिशा में चौथे चरण से मतदान की शुरुआत होगी. यहां सत्ताधारी बीजू जनता दल (BJD) और बीजेपी के बीच गठबंधन पर बात चल रही है. मतदान चौथे चरण से शुरू होने की वजह से बीजेपी को गठबंधन पर फैसला करने के लिए थोड़ा और वक्त मिल गया है
आंध्र प्रदेश में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में वोट डाले जाएंगे. पिछली बार यहां पहले चरण में मतदान हुआ था. हाल ही में बीजेपी ने यहां चंद्रबाबू नायडू की TDP और पवन कल्याण की जनसेना के साथ गठबंधन किया है. वोटिंग शेड्यूल ऐसा है कि गठबंधन को तैयारी पुख्ता करने की मोहलत मिल गई है.
तमिलनाडु में पिछली बार दूसरे चरण में मतदान हुआ था, इस बार पहले चरण में वोट पड़ेंगे. महाराष्ट्र में इस बार पांच चरणों में चुनाव होगा, शुरुआत पहले चरण से ही हो जाएगी. पिछली बार, 2019 में महाराष्ट्र के भीतर 4 चरणों में मतदान हुआ था.
साभार