लोकसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग का एक्शन, बंगाल के डीजीपी समेत 6 राज्यों के गृह सचिव हटाए
लोकसभा चुनाव 2024 से पहले चुनाव आयोग एक्शन में आ गया है. चुनाव आयोग ने 6 राज्यों के गृह सचिव और बंगाल के डीजीपी राजीव कुमार को हटा दिया है.
लोकसभा चुनाव 2024 से पहले चुनाव आयोग एक्शन में आ गया है. चुनाव आयोग ने 6 राज्यों के गृह सचिव और बंगाल के डीजीपी राजीव कुमार को हटा दिया है. जिन राज्यों के गृह सचिव को हटाया गया है, उनमें गुजरात, उत्तर प्रदेश, बिहार झारखंड, उत्तराखंड शामिल हैं. साथ ही मिजोरम के प्रशासनिक सचिव को भी हटा दिया गया है.
लोकसभा चुनाव के कार्यक्रम के ऐलान के कुछ दिनों बाद आयोग ने मुंबई महानगर पालिका के कमिश्नर इकबाल सिंह चहल, एडिश्नल कमिश्नर और डिप्टी कमिश्नर को हटाने का भी आदेश दिया. आयोग ने सभी राज्य सरकारों को निर्देश दिया था कि वे चुनाव के काम से जुड़े उन अफसरों का तबादला करें, जिन्होंने (पद पर) तीन साल पूरा कर लिया है या अपने गृह जिलों में तैनात हैं
महाराष्ट्र ने कुछ म्युनिसिपल कमिश्नर, एडिश्नल कमिश्नर और डिप्टी कमिश्नर के मामले में चुनाव आयोग के आदेशों का पालन नहीं किया था. आयोग ने नाखुशी जताते हुए महाराष्ट्र के मुख्य सचिव को सोमवार शाम छह बजे तक रिपोर्ट देने के निर्देश के साथ ही बीएमसी के कमिश्नर, एडिश्नल कमिश्नर और डिप्टी कमिश्नर का ट्रांसफर करने का आदेश दिया.
मुख्य सचिव को महाराष्ट्र में समान रूप से पदस्थापित सभी नगर निगम कमिश्नर और बाकी निगमों के एडिश्नल कमिश्नर या डिप्टी कमिश्नर को ट्रांसफर करने का भी आदेश दिया गया है. यह आदेश मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) राजीव कुमार और निर्वाचन आयुक्तों - ज्ञानेश कुमार और सुखबीर सिंह संधू के बीच सोमवार को यहां हुई बैठक के बाद आया है.
1952 के बाद सबसे लंबी मतदान अवधि
इस बार लोकसभा चुनाव के लिए वोटिंग की प्रक्रिया 44 दिनों में पूरी होगी जो 1951-52 के पहले संसदीय चुनाव के बाद मतदान की सबसे लंबी अवधि होगी. पहले चुनाव में मतदान चार महीने से ज्यादा समय तक चला था. देश में आम चुनाव की सबसे छोटा वोटिंग पीरियड 1980 में था, जब महज चार दिनों में मतदान पूरा हो गया था. इस बार चुनाव आयोग की घोषणा से लेकर काउंटिंग होने तक तक चुनाव प्रक्रिया कुल 82 दिनों में पूरी होगी. लोकसभा चुनाव के लिए 19 अप्रैल से वोटिंग की प्रक्रिया शुरू होगी जो सात चरणों में पूरी होगी. मतगणना चार जून को होगी. यह दुनिया की सबसे बड़ी चुनाव प्रक्रिया होगी. देश का पहला आम चुनाव 25 अक्टूबर, 1951 से लेकर 21 फरवरी 1952 तक चला था जो समयावधि के हिसाब से सबसे लंबा चुनाव था.
साभार
.