सुप्रीम कोर्ट वीकली राउंड अप : सुप्रीम कोर्ट के कुछ खास ऑर्डर/जजमेंट पर एक नज़र

सुप्रीम कोर्ट में पिछले सप्ताह (18 मई, 2025 से 23 मई, 2025 तक) तक क्या कुछ हुआ, जानने के लिए देखते हैं सुप्रीम कोर्ट वीकली राउंड अप। पिछले सप्ताह सुप्रीम कोर्ट के कुछ खास ऑर्डर/जजमेंट पर एक नज़र।

May 25, 2025 - 18:41
 0  17
सुप्रीम कोर्ट वीकली राउंड अप : सुप्रीम कोर्ट के कुछ खास ऑर्डर/जजमेंट पर एक नज़र

CAPF को संगठित समूह-ए सेवाओं के सभी लाभ प्राप्त करने का अधिकार, CAPF में IPS अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति में धीरे-धीरे कमी लाई जाए : सुप्रीम कोर्ट

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) को संगठित समूह-ए सेवाओं (OGAS) का हिस्सा माना जाना चाहिए, न केवल गैर-कार्यात्मक वित्तीय उन्नयन (NFFU) प्रदान करने के उद्देश्य से, बल्कि कैडर समीक्षा सहित सभी कैडर-संबंधी मामलों के लिए भी।

न्यायालय ने कहा, “अब जबकि केंद्र सरकार ने स्वीकार कर लिया है कि CAPFs को OGAS में शामिल किया गया तो स्वाभाविक परिणाम सामने आने चाहिए। CAPFs से संबंधित पात्र अधिकारियों को हरनंदा (सुप्रा) में इस न्यायालय के निर्णय के बाद पहले ही NFFU प्रदान किया जा चुका है। 12.07.2019 के DoPT OM से यह स्पष्ट रूप से स्पष्ट हो जाता है कि CAPFs को कैडर मुद्दों और अन्य सभी संबंधित मामलों के लिए OGAS माना गया। दूसरे शब्दों में, CAPFs सभी उद्देश्यों के लिए OGAS हैं। जब CAPFs को OGAS घोषित किया गया तो OGAS को मिलने वाले सभी लाभ स्वाभाविक रूप से CAPFs को मिलने चाहिए। ऐसा नहीं हो सकता कि उन्हें एक लाभ दिया जाए और दूसरे से वंचित रखा जाए।”

Case Title – Sanjay Prakash & Ors. v. Union of India & Ors. and connected matters

S.141 NI Act | चेक अनादर की शिकायत में कंपनी के निदेशकों की विशिष्ट प्रशासनिक भूमिका बताने की आवश्यकता नहीं : सुप्रीम कोर्ट

सुप्रीम कोर्ट ने माना कि चेक अनादर के अपराध के लिए कंपनी के निदेशकों को उत्तरदायी बनाने के लिए यह आवश्यक नहीं है कि शिकायत में कंपनी के भीतर उनकी विशिष्ट भूमिका बताई जाए।

कोर्ट ने कहा कि जबकि परक्राम्य लिखत अधिनियम (NI Act) की धारा 141(1) के तहत यह स्पष्ट रूप से कहा जाना आवश्यक है कि वह व्यक्ति "कंपनी के व्यवसाय के संचालन के लिए प्रभारी और कंपनी के प्रति उत्तरदायी था", कानून की भाषा को शब्दशः अपनाने की कोई आवश्यकता नहीं है। इसके बजाय, भौतिक अनुपालन पर्याप्त है, बशर्ते शिकायत में निदेशक की भूमिका निर्दिष्ट की गई हो।

Case : HDFC Bank Ltd. v. State of Maharashtra

पक्षकार बनाये जाने पर आपत्ति खारिज होने के बाद पार्टी को हटाने के लिए बाद में किया गया आवेदन रेस जुडिकाटा द्वारा प्रतिबंधित: सुप्रीम कोर्ट

सुप्रीम कोर्ट ने माना कि सीपीसी के आदेश I नियम 10 के तहत अभियोग की कार्यवाही पर रेस जुडिकाटा का सिद्धांत लागू होता है। इसका मतलब यह है कि अगर किसी पक्ष को उचित चरण में अपने अभियोग या गैर-अभियोग के बारे में आपत्तियां उठाने का अवसर मिला था, लेकिन वह ऐसा करने में विफल रहा तो वह बाद में उसी मुद्दे को नहीं उठा सकता, क्योंकि यह रचनात्मक रेस जुडिकाटा के सिद्धांत द्वारा प्रतिबंधित होगा। जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस आर महादेवन की खंडपीठ उस मामले की सुनवाई कर रही थी, जिसमें अपीलकर्ता को प्रतिवादी के कानूनी उत्तराधिकारी के रूप में मुकदमे में शामिल किया गया। ट्रायल कोर्ट के अभियोग आदेश को अंतिम रूप दिया गया, क्योंकि उस पर कोई चुनौती नहीं दी गई। बाद में अपीलकर्ता ने मुस्लिम पर्सनल लॉ का हवाला देते हुए सीपीसी के आदेश I नियम 10 के तहत एक आवेदन दायर किया, जिसमें कानूनी उत्तराधिकारी के रूप में अपना नाम हटाने की मांग की गई, जिसमें तर्क दिया गया कि चूंकि उसके पिता की मृत्यु उसकी मां से पहले हो गई थी, इसलिए उसे अपनी दादी का कानूनी उत्तराधिकारी नहीं बनाया जा सकता। 

केस टाइटल: सुल्तान सईद इब्राहिम बनाम प्रकाशन और अन्य।

अनुच्छेद 21 के तहत बचाव के अधिकार का प्रयोग न कर सकने के कारण किसी पागल को दोषी नहीं ठहराया जा सकता : सुप्रीम कोर्ट

सुप्रीम कोर्ट ने हत्या के लिए आजीवन कारावास की सजा पाए व्यक्ति की सजा इस आधार पर खारिज कर दी कि अपराध के समय उसकी मानसिक स्थिति के बारे में उचित संदेह से अधिक है। जस्टिस अभय एस ओक और जस्टिस उज्जल भुयान की खंडपीठ ने कहा कि पागल को आपराधिक रूप से उत्तरदायी नहीं ठहराया जा सकता, क्योंकि वह अपना बचाव करने की स्थिति में नहीं है। अपना बचाव करने का अधिकार संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत मौलिक अधिकारों का हिस्सा है। 

Case Title – Dashrath Patra Appellant v. State of Chhattisgarh

मैटरनिटी लीव प्रजनन अधिकारों का हिस्सा: सुप्रीम कोर्ट ने तीसरे बच्चे के लिए मैटरनिटी लीव देने से इनकार करने का फैसला किया खारिज

सुप्रीम कोर्ट ने मद्रास हाईकोर्ट की खंडपीठ का आदेश खारिज कर दिया, जिसमें सरकारी शिक्षिका को उसके तीसरे बच्चे के जन्म के लिए मैटरनिटी लीव (Maternity Leave) देने से इनकार कर दिया गया था। इसमें राज्य की नीति के अनुसार दो बच्चों तक ही लाभ सीमित करने का हवाला दिया गया था। जस्टिस अभय ओक और जस्टिस उज्जल भुयान की खंडपीठ ने कहा कि मैटरनिटी बैनिफिट प्रजनन अधिकारों का हिस्सा हैं और मैटरनिटी लीव उन लाभों का अभिन्न अंग है। 

केस टाइटल- के. उमादेवी बनाम तमिलनाडु सरकार

सुप्रीम कोर्ट ने प्रसारण पर दोहरे कराधान को बरकरार रखा, कहा- राज्य केंद्र के सेवा कर के साथ-साथ मनोरंजन कर भी लगा सकते हैं

केबल टीवी, डिजिटल स्ट्रीमिंग और ओटीटी प्लेटफॉर्म जैसी प्रसारण सेवाओं पर मनोरंजन कर लगाने के राज्य के अधिकार को बरकरार रखते हुए, सुप्रीम कोर्ट ने माना कि केंद्र और राज्य दोनों को केबल ऑपरेटरों और मनोरंजन सेवा प्रदाताओं जैसे करदाताओं पर क्रमशः सेवा कर और मनोरंजन कर लगाने का अधिकार है। जस्टिस बीवी नागरत्ना और जस्टिस एन कोटिश्वर सिंह की पीठ ने माना कि प्रसारण संचार का एक रूप है, जबकि मनोरंजन सूची II की प्रविष्टि 62 में उल्लिखित विलासिता की श्रेणी में आता है। Doctrine of Pith and Substance को लागू करते हुए, कोर्ट ने तर्क दिया कि मनोरंजन संचार के माध्यम से दिया जा सकता है, जिससे प्रसारण केवल इसके लिए आकस्मिक हो जाता है। इस प्रकार, यह संघ सूची के भीतर मामलों पर सीधे अतिक्रमण नहीं करता है। नतीजतन, दोनों कर अपने-अपने संवैधानिक क्षेत्रों के भीतर काम करते हैं, जिससे केंद्र और राज्य को करदाता द्वारा की जाने वाली गतिविधियों पर सेवा कर और मनोरंजन कर एक साथ लगाने की अनुमति मिलती है।

वक्फ रजिस्ट्रेशन 1923 से अनिवार्य : सुप्रीम कोर्ट ने वक्फ संशोधन अधिनियम मामले में आदेश सुरक्षित रखा

सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार (22 मई) को वक्फ (संशोधन) अधिनियम 2025 के क्रियान्वयन पर रोक लगाने की याचिका पर अंतरिम आदेश सुरक्षित रखा। चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (सीजेआई) बीआर गवई और जस्टिस एजी मसीह की खंडपीठ ने अंतरिम आदेश के बिंदु पर तीन दिनों तक मामले की सुनवाई की। बहस के दौरान, सीजेआई गवई ने मौखिक रूप से कहा कि वक्फ के रजिस्ट्रेशन की आवश्यकता 1923 और 1954 के पिछले कानूनों के तहत रही है। याचिकाकर्ताओं ने 20 मई को अपनी दलीलें शुरू की थीं, जिसके बाद 21 मई को संघ ने अपनी दलीलें रखीं। 

Case Details: IN RE THE WAQF (AMENDMENT) ACT, 2025 (1)|W.P.(C) No. 276/2025 and connected matters

NEET PG | सुप्रीम कोर्ट ने सीट-ब्लॉकिंग रोकने के लिए निर्देश जारी किए, कॉलेजों के लिए प्री-काउंसलिंग फी डिस्‍क्लोजर अनिवार्य किया

सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार (22 मई) को पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल कोर्सेज में एडमिशन के लिए सीट-ब्लॉकिंग जैसे कदाचार से डील करने के लिए NEET-PG (राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा-स्नातकोत्तर) काउंसलिंग कैसे हो, इस संबंध में कई कई निर्देश जारी किए। जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस आर महादेवन की पीठ NEET-PG परीक्षाओं के लिए मेडिकल एडमिशंस/काउंसलिंग प्रोसिजर के दरमियान बड़े पैमाने पर सीटों को ब्लॉक करने के मुद्दे पर विचार कर रही थी।

IAS अधिकारी APCCF रैंक तक के भारतीय वन सेवा अधिकारियों की ACR नहीं लिख सकते : सुप्रीम कोर्ट

सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार (21 मई) को फैसला सुनाया कि भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी अतिरिक्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक (APCCF) रैंक तक के भारतीय वन सेवा (IFS) अधिकारियों की वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट (ACR) नहीं लिख सकते। कोर्ट ने मध्य प्रदेश राज्य द्वारा 29 जून, 2024 को जारी सरकारी आदेश रद्द कर दिया, जिसके अनुसार जिला कलेक्टर की टिप्पणियों को प्रभागीय वन अधिकारी (प्रादेशिक) की प्रदर्शन मूल्यांकन रिपोर्ट (PAR) के लिए प्रासंगिक माना गया था और प्रभागीय आयुक्त की टिप्पणियों को वन संरक्षक और मुख्य वन संरक्षक (प्रादेशिक), अतिरिक्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक (विकास) के PAR के लिए प्रासंगिक माना गया था। 

केस टाइटल: भारतीय वन सेवा के अधिकारियों की प्रदर्शन मूल्यांकन रिपोर्ट के संबंध में

किशोर न्याय बोर्ड के पास अपने आदेशों की समीक्षा करने की शक्ति नहीं: सुप्रीम कोर्ट

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि किशोर न्याय बोर्ड (Juvenile Justice Board) को अपने स्वयं के निर्णयों की समीक्षा करने या बाद की कार्यवाही में विरोधाभासी रुख अपनाने का कोई अधिकार नहीं है क्योंकि किशोर न्याय बोर्ड के पास कानून के तहत कोई पुनर्विचार अधिकार क्षेत्र नहीं है। जस्टिस अभय एस ओक और जस्टिस उज्जल भुइयां की खंडपीठ ने एक मामले में फैसला सुनाते हुए यह फैसला सुनाया, जहां किशोर न्याय बोर्ड ने उम्र का पता लगाने के लिए एक याचिका पर फैसला करते समय जन्म तिथि को ध्यान में रखा, हालांकि बाद की सुनवाई में किशोर न्याय बोर्ड ने मेडिकल बोर्ड की राय ली।

अंतरिम राहत के लिए मजबूत वजह जरूरी': सुप्रीम कोर्ट ने वक्फ संशोधन कानून 2025 पर रोक लगाने की याचिका पर सुनवाई की

सुप्रीम कोर्ट ने अंतरिम आदेश पारित करने के सवाल पर वक्फ (संशोधन) अधिनियम 2025 को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर तीन घंटे से अधिक समय तक सुनवाई की। सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (सीजेआई) बीआर गवई और जस्टिस एजी मसीह की खंडपीठ ने मौखिक रूप से कहा कि कानून पर रोक लगाने के लिए मजबूत मामला पेश करना होगा। सीजेआई गवई ने कहा, "हर कानून के पक्ष में संवैधानिकता की धारणा होती है। अंतरिम राहत के लिए आपको बहुत मजबूत और स्पष्ट मामला पेश करना होगा। अन्यथा, संवैधानिकता की धारणा बनी रहेगी।" 

Case Details: IN RE THE WAQF (AMENDMENT) ACT, 2025 (1)|W.P.(C) No. 276/2025 and connected matters

सह-अभियुक्त को फंसाने वाले अभियुक्त का बयान CrPC की धारा 161 के तहत नियमित या अग्रिम जमानत के चरण में नहीं माना जा सकता: सुप्रीम कोर्ट

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि सीआरपीसी की धारा 161 (पुलिस पूछताछ) के तहत दर्ज अभियुक्त के बयानों का इस्तेमाल अग्रिम या नियमित जमानत के चरण में सह-आरोपी के खिलाफ नहीं किया जा सकता। कोर्ट ने कहा, "आपराधिक न्यायशास्त्र का मूल सिद्धांत यह है कि एक अभियुक्त के बयान का इस्तेमाल दूसरे सह-आरोपी के खिलाफ नहीं किया जा सकता। इस पूर्वोक्त सामान्य सिद्धांत का सीमित अपवाद दोषसिद्ध स्वीकारोक्ति है, जहां अभियुक्त अपने स्वीकारोक्ति बयान में न केवल अपना अपराध स्वीकार करता है बल्कि दूसरे सह-आरोपी को भी फंसाता है।"

 केस : पी कृष्ण मोहन रेड्डी बनाम आंध्र प्रदेश राज्य

साभार