आज मैं पहली बार तथ्य रखना चाहता हूं... राजीव गांधी का नाम लेकर पीएम मोदी ने क्या बताया?

जैसे-जैसे लोकसभा चुनाव आगे बढ़ रहा है, कई पुरानी बातें, दावे और मुद्दे उठाए जा रहे हैं. आज पीएम मोदी ने राजीव गांधी का जिक्र कर विरासत कर पर कांग्रेस को सुनाया. पीएम ने कहा कि अपनी संपत्ति बचाने के लिए राजीव गांधी सरकार ने विरासत कर का कानून खत्म कर दिया था.

Apr 25, 2024 - 19:53
 0  13
आज मैं पहली बार तथ्य रखना चाहता हूं... राजीव गांधी का नाम लेकर पीएम मोदी ने क्या बताया?

सैम पित्रोदा का विरासत कर पर दिया एक बयान कांग्रेस की मुसीबत बढ़ा रहा है. आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर हमले का सिलसिला जारी रखा. उन्होंने राजीव गांधी का नाम लेकर एक बड़ी बात कही. पीएम ने कहा कि कांग्रेस सरकार में आती है तो आपकी कमाई का आधे से ज्यादा ये सरकार छीन लेगी इसलिए कांग्रेस आप पर विरासत टैक्स लगाना चाहती है. साथ ही बोले कि अपनी संपत्ति बचाने के लिए राजीव गांधी सरकार ने विरासत कर के कानून को खत्म कर दिया था

पीएम ने मुरैना की चुनावी रैली में कहा कि आजकल कांग्रेस के शाही परिवार के शहजादे पूरे देश में बढ़-चढ़कर कह रहे हैं कि अब आपकी संपत्ति का एक्स-रे होगा. हमारी माताओं-बहनों के पास जो पवित्र स्त्री-धन होता है. मंगलसूत्र हो या दूसरा गहना हो उसे पवित्र माना जाता है. कांग्रेस उसे जब्त करके अपना वोटबैंक मजबूत करने के लिए, उसे बांटने की सार्वजनिक घोषणा कर रही है, मेनिफेस्टो में बता रही है. ये एक्स-रे करके लोगों को लूटने की योजना बना रहे हैं. इतना ही नहीं, ये जीते जी तो छोड़िए, मृत्यु के बाद आपकी बची हुई संपत्ति, जो स्वाभाविक रूप से बेटे-बेटी को मिलनी चाहिए. वो भी आप नहीं दे पाओगे. कांग्रेस वाले कहते हैं कि उनकी सरकार आएगी तो वो भी डिब्बे से गुल कर दिया जाएगा.

मोदी बोले, देश के साथ पाप हुआ है

पीएम ने आगे कहा कि Inheritance Tax पर जो तथ्य सामने आ रहे हैं वह देश की आंखें खोलने वाले हैं. मीडिया वाले भी सुन लें. देश के साथ कैसा-कैसा पाप हुआ है. मैं आज देश के सामने पहली बार दिलचस्प तथ्य रखना चाहता हूं. 

राजीव गांधी सरकार ने समाप्त किया विरासत कर

मोदी ने कहा कि जब देश की एक प्रधानमंत्री बहन इंदिरा जी नहीं रहीं, तो उनकी जो प्रॉपर्टी थी, वो उनकी संतानों को मिलनी थी. लेकिन पहले ऐसा कानून था कि वो उनको मिलने से पहले एक हिस्सा सरकार ले लेती थी. तब चर्चा थी कि जब इंदिरा जी नहीं रहीं और उनके बेटे राजीव गांधी जी को ये प्रॉपर्टी मिलनी थी. तब अपनी उस प्रॉपर्टी को बचाने के लिए उस समय के प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने पहले जो Inheritance कानून था, उसको समाप्त किया और अपने पैसे बचा लिए. 

पीएम ने कहा कि खुद पर आई तो कानून हटा दिया. अब वहां मामला निपट गया तो आज फिर सत्ता पाने की लालच में ये लोग वही कानून ज्यादा कड़ाई से वापस लाना चाहते हैं. बिना टैक्स के अपने परिवार की चार-चार पीढ़ियों की अकूत धन-दौलत हासिल करने के बाद आप सामान्य लोगों की विरासत, मेहनत की कमाई पर टैक्स लगा करके आधी संपत्ति लूटना चाहते हैं. इसलिए कांग्रेस की लूट जिंदगी के साथ भी, जिंदगी के बाद भी है. 

कांग्रेस बोली, हमारे मैनिफेस्टो में जिक्र ही नहीं

उधर, कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि मैं साफ कर देना चाहता हूं कि कांग्रेस के न्याय पत्र (कांग्रेस मैनिफेस्टो) में विरासत कर का कोई जिक्र ही नहीं है. विरासत कर हमारा एजेंडा नहीं है. और हकीकत यह है कि 1985 में नए-नए प्रधानमंत्री राजीव गांधी जी ने उस विरासत कर को हटाया था. 2014 और 2019 के बीच में अरुण जेटली जी, जयंत सिन्हा और बीजेपी के कई समर्थकों ने विरासत कर की वकालत की थी. असली बात ये है कि हमने कभी विरासत कर का जिक्र नहीं किया. 

साभार