इजरायल ने तैयार की हमास के टॉप कमांडर्स की लिस्ट, खाई है चुन-चुनकर मारने की कसम
इजरायल-हमास के बीच जारी जंग तेज होती जा रही है. इजरायल ने हमास को जड़ से खत्म करने की कसम खाई है. इस क्रम में इजरायली सेना गाजा पट्टी में जमीनी आक्रमण शुरू करने के लिए पूरी तरह तैयार है.
इजरायल-हमास के बीच जारी जंग तेज होती जा रही है. इजरायल ने हमास को जड़ से खत्म करने की कसम खाई है. इस क्रम में इजरायली सेना गाजा पट्टी में जमीनी आक्रमण शुरू करने के लिए पूरी तरह तैयार है. इजरायल रक्षा बलों (आईडीएफ) ने हमास के टॉप कमांडर्स की लिस्ट तैयार कर ली है. इसके साथ ही इजरायल ने आतंकवादी संगठन के शीर्ष अधिकारियों को निशाना बनाकर हमास को नष्ट करने की कसम खाई है.
आईडीएफ ने एक्स पर हमास के टॉप कमांडर्स की लिस्ट जारी की है. इस लिस्ट में आतंकी समूह के नेता इस्माइल हनीयेह, येह्या सिनवार और कट्टरपंथी नेता एल देइफ का नाम शामिल है. 7 अक्टूबर इजरायल हमला शुरू करने का मास्टरमाइंड एल देइफ को ही बताया गया है.
द टाइम्स ऑफ इज़राइल के अनुसार 2006 में फ़तह के ख़िलाफ़ फ़िलिस्तीनी चुनावों में हमास की जीत से पहले इस्माइल हनियेह आतंकवादी समूह के नेतृत्व का एक प्रमुख सदस्य नहीं था. चुनावी जीत के बाद उसका सितारा बुलंद होने लगा. उसे गाजा पट्टी में फिलिस्तीनी प्राधिकरण का प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया और उसकी संपत्ति तेजी से बढ़ी.
वही, इज़रायली सेना गाजा में हमास के कट्टरपंथी नेता येह्या सिनवार को "बुराई का चेहरा" कहती है. वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि वह तटीय क्षेत्र पर आक्रमण करने और उसके नेतृत्व को नष्ट करने के लिए तैयार हजारों इजरायली सैनिकों के लिए शीर्ष लक्ष्य है. मोहम्मद दियाब इब्राहिम अल-मसरी, उर्फ एल देइफ इजरायल से बचने के लिए हर रात अलग-अलग घरों में रुकता है. वह हमास की सैन्य शाखा अल कासिम ब्रिगेड का प्रभारी है.
1996 में हुए चार आत्मघाती हमलों में देइफ का ही हाथ था. इन हमलों में यरूशलेम और तेल अवीव में 65 लोग मारे गए थे. इसके साथ ही शांति प्रक्रिया को पटरी से उतारने के इरादे से किए गए अन्य हमलों के पीछे भी उसका हाथ था.