उम्रकैद की सजा काट रहे प्रज्वल रेवन्ना को जेल में सौंपा गया ऐसा काम, प्रतिदिन मिलेगा 522 रुपये का वेतन

उम्र कैद की सजा काट रहे पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना को जेल में अब काम सौंपा गया है। इस बीच उन्हें अदालती कार्यवाही और वकीलों से मिलने का भी समय दिया जाएगा।

Sep 7, 2025 - 19:18
 0  39
उम्रकैद की सजा काट रहे प्रज्वल रेवन्ना को जेल में सौंपा गया ऐसा काम, प्रतिदिन मिलेगा 522 रुपये का वेतन

कर्नाटक के हासन के पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना को परप्पना अग्रहारा जेल में लाइब्रेरी क्लर्क के रूप में काम आवंटित किया गया है। जेल के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। रेवन्ना बलात्कार के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे हैं। 

कैदियों को दी गई किताबों का रखेंगे रिकॉर्ड

जेल अधिकारियों के अनुसार, वह इस पद पर काम करने के दौरान साथी कैदियों को किताबें देंगे और उधार ली गई किताबों का रिकॉर्ड रखेंगे। जेल के एक अधिकारी ने रेवन्ना को निर्धारित कर्तव्यों को पूरा करने पर प्रत्येक दिन के काम के लिए 522 रुपये दिए जाएंगे। जेल के नियमों के अनुसार, आजीवन कारावास की सजा पाए कैदियों को किसी न किसी प्रकार का श्रम करना पड़ता है। उनके कौशल एवं इच्छा के आधार पर उन्हें काम सौंपा जाता है। 

जेल प्रशासन ने लाइब्रेरी में किया तैनात

सूत्रों ने बताया कि रेवन्ना ने प्रशासनिक कार्य संभालने में रुचि दिखाई थी, लेकिन जेल प्रशासन ने उन्हें लाइब्रेरी में तैनात करने का फैसला किया है। उन्होंने बताया कि इस पद पर काम करते हुए उन्हें पहले ही एक दिन बीत गया है। 

कम से कम 12 दिन करना होता है काम

कैदियों से आमतौर पर महीने में कम से कम 12 दिन काम करने की अपेक्षा की जाती है और यह एक सप्ताह में तीन दिन होता है। रेवन्ना का काम फिलहाल सीमित है, क्योंकि वह अदालती कार्यवाही में भाग लेने और अपने वकीलों से मिलने में अपना समय बिताते हैं। 

उम्रकैद की सुनाई गई है सजा

जनता दल (सेक्युलर) के वरिष्ठ नेता एवं होलेनरसीपुरा के विधायक एच.डी. रेवन्ना के बेटे को निचली अदालत ने हाल ही में बलात्कार के एक मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई थी।

साभार