मतदान केंद्र के अंदर की फोटो वायरल करने पर कार्रवाई! पीठासीन अधिकारी निलंबित

जबलपुर में मतदान केंद्र के अंदर फोटो वायरल करने पर कलेक्टर ने पीठासीन अधिकारी को निलंबित कर दिया.

Apr 19, 2024 - 17:29
 0  17
मतदान केंद्र के अंदर की फोटो वायरल करने पर कार्रवाई! पीठासीन अधिकारी निलंबित

जबलपुर में एक पीठासीन अधिकारी को उनके पद से निलंबित कर दिया गया है. अधिकारी पर नियमों का उल्लंघन करने का आरोप लगा है. जिसके चलते कलेक्टर ने जांच के बाद अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की है. पोलिंग बूथ के अंदर की फोटो वायरल करने के आरोप में अधिकारी पर कार्रवाई की गई है. बता दें कि नियमों का उल्लंघन करने पर मतदान पदाधिकारी रतन कुमार को निलंबित कर दिया गया है. अधिकारी के खिलाफ मिली शिकायत की पुष्टि सेक्टर ऑफिसर हेमंत अमहिया ने की है. जिसके बाद कलेक्टर ने कार्रवाई की है.

जानिए पूरा मामला?

जबलपुर में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक सक्सेना ने पनागर विधानसभा के मतदान केन्द्र क्रमांक 173 के पीठासीन अधिकारी रतन कुमार, चार्ज मेन व्हीकल फैक्ट्री को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. मिली जानकारी के अनुसार, रतन कुमार द्वारा मतदान केन्द्र के भीतर के फोटो खिंचवाकर अपने मोबाइल फ़ोन नम्बर ***51973 से एक व्हाट्सएप ग्रुप में पोस्ट कर दिया था. शिकायत प्राप्त होने पर जांच कराई गई. सेक्टर अधिकारी हेमंत अमहिया द्वारा मोबाइल फ़ोन ज़ब्त कर शिकायत सही होने की पुष्टि की गई. मतदान केन्द्र के भीतर मोबाइल फोन के उपयोग पर लगाये गये प्रतिबंध का उल्लंघन करने के लिये पीठासीन अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है तथा मतदान अधिकारी क्रमांक -1 को पीठासीन अधिकारी का दायित्व सौंपा गया है.

जबलपुर सीट पर वोटिंग जारी

आपको बता दें कि देश में 7 चरणों में होने वाले लोकसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान 19 अप्रैल को हो रहा है. जिसमें जबलपुर सीट भी शामिल है. जबलपुर सीट से बीजेपी ने आशीष दुबे को मैदान में उतारा है. जबकि, कांग्रेस प्रत्याशी दिनेश यादव हैं. इन उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला जनता आज कर रही है. जिसकी घोषणा 4 जून को की जाएगी.

साभार