राहुल गांधी ने अमेरिका में जाकर किया 'वोट चोरी' का दावा, भाजपा बोली- 'वह भारत के मीर जाफर हैं'
राहुल गांधी ने एक बार फिर से विदेश की धरती से भारत के सिस्टम पर हमला बोला है। अमेरिका में कोलंबिया यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी ने दावा किया है कि चुनावों में धांधली और 'वोट चोरी' के सबूत हैं। 14 करोड़ वोटरों के नाम काटे गए हैं।
कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने विदेशी जमीन पर एक बार फिर वोट चोरी का मुद्दा उठाया है। राहुल ने दावा किया कि उनके पास चुनावों में धांधली और 'वोट चोरी' के सबूत हैं। राहुल गांधी ने न्यूयॉर्क स्थित कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों और शिक्षकों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने भारत के राजनीतिक और आर्थिक मुद्दों पर कई बड़े बयान दिए हैं। वोट चोरी पर राहुल ने दावा किया कि 14 करोड़ वोटरों के नाम काटे गए। राहुल ने चुनावों में खर्च का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि पहले के मुकाबले भारतीय चुनावों में अब 50 गुना तक ज्यादा पैसा खर्च होने लगा है। राहुल ने कहा बीस से पचास गुना तक पैसे इलेक्शन में खर्च किया जा रहा है। हम जानते हैं कि ये पैसा कहां से आ रहा है। राहुल ने कहा कि पहले पांच साल तक तो हम सदमे में थे कि इतना पैसा कैसे खर्च हो रहा है।
लोगों के मन से डर निकल गया है- राहुल गांधी
राहुल एक तरफ तो वोट चोरी और पैसा खर्च करने का आरोप लगा रहे हैं। वहीं उन्होंने ये भी माना की अब लोगों के मन से डर निकल गया है। राहुल गांधी ने कहा कि पहले लोगों और सिस्टम के भीतर काम करने वाले व्यक्तियों में सरकारी एजेंसियों का डर था, लेकिन अब लोगों के मन से यह डर निकल गया है और यही सबसे बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने इस बदलाव का क्रेडिट छात्र और युवा आंदोलनों को देते हुए कहा कि आज के बच्चों ने वह हिम्मत दिखाई है जो उनके माता-पिता नहीं दिखा सके और एक तरह से बच्चों ने अपने माता-पिता के भविष्य की रक्षा की है। उन्होंने दोहराया कि चुनावी व्यवस्था में सुधार किए बिना कुछ नहीं होगा। उनके अनुसार, विपक्ष इस दिशा में काम कर रहा है और उनके पास चुनावी धांधली के पर्याप्त सबूत मौजूद हैं।
राहुल गांधी भारत के 'मीर जाफर' हैं- भाजपा
कोलंबिया यूनिवर्सिटी में भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बयान पर, बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा- "राहुल गांधी अपरिपक्व हैं, भारत-विरोधी हैं और भारत के 'मीर जाफर' हैं। राहुल गांधी द्वारा विदेशी धरती पर भारत को बदनाम करने के लिए दिए गए बेबुनियाद, झूठे और भारत-विरोधी बयानों से हर भारतीय शर्मिंदा महसूस कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, पिछले 12 वर्षों में भारत ने लोकतंत्र, अर्थव्यवस्था, युवाओं के सशक्तिकरण और वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। राहुल गांधी अपरिपक्व हैं, भारत-विरोधी हैं और भारत के 'मीर जाफर' हैं। संसद के हर सत्र से पहले, वह विदेश चले जाते हैं; क्या वह वहां अपने विदेशी आकाओं से निर्देश लेने जाते हैं?"
प्रदीप भंडारी ने भी किया पलटवार
आपको बता दें कि भाजपा लगातार राहुल गांधी पर हमला बोल रही है और कह रही है कि उनका नेता प्रतिपक्ष होना देश के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। अब कोलंबिया यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी नेता प्रदीप भंडारी ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी हमेशा देश के खिलाफ बोलते हैं। 'राहुल गांधी भारत विरोधी दुष्प्रचार करने वाले नेता बन गए हैं। उन्होंने कोलंबिया यूनिवर्सिटी में भारत का अपमान किया। भारत को आर्थिक आपदा बताने वाले ये भूल गए हैं कि पूरी दुनिया मानती है कि भारत सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है। बीजेपी नेता ने कहा कि राहुल गांधी की इन्हीं हरकतों की वजह से कांग्रेस का ये हाल है।
साभार