बिहार ने दिल्ली को हराकर किया बड़ा उलटफेर, वैभव सूर्यवंशी के बिना टीम को मिली लगातार दूसरी जीत
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के एक रोमांचक मुकाबले में बिहार की टीम ने दिल्ली को हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया है। दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 224 रनों का बहुत बड़ा स्कोर खड़ा किया था। बिहार ने इस टारगेट को हासिल कर लिया।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के जारी सीजन में बिहार की क्रिकेट टीम ने बड़ा उलटफेर करते हुए दिल्ली को हरा दिया है। इंदौर में खेले गए इस रोमांचक मैच में दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 224 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया था, जिसे पार करना बिहार की टीम के लिए आसान नहीं था। लेकिन अपने स्टार खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी के बिना खेल रही बिहार की टीम ने शानदार खेल दिखाया और 8 विकेट खोकर मैच की एक गेंद रहते इस मैच को अपने नाम कर लिया। इस टूर्नामेंट के तीन मैचों में बिहार की यह दूसरी जीत है, जबकि दिल्ली को पहली बार हार का सामना करना पड़ा है।
बिहार के लिए आयुष लोहरुका ने खेली तूफानी पारी
दिल्ली की टीम में सिमरजीत सिंह, दिग्वेश राठी और सुयश शर्मा जैसे बड़े आईपीएल के गेंदबाज होने के बावजूद, बिहार की टीम ने 225 रनों के बड़े टारगेट को बहुत आसानी से हासिल कर लिया। मैच की शुरुआत से ही बिहार के बल्लेबाजों ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और शुरुआती पावरप्ले के ही अंदर 96 रन ठोक डाले। ओपनर आयुष लोहरुका ने सिर्फ 22 गेंदों में 7 चौकों और 3 छक्कों की मदद से धमाकेदार 50 रन बनाए, जबकि तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे बिपिन सौरभ ने भी 19 गेंदों पर 3 चौके और 5 छक्के जड़कर 49 रनों की शानदार पारी खेली। हालांकि मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर पाए, लेकिन अंत में निचले क्रम के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए बिहार को रोमांचक जीत दिला दी।
रघुवेंद्र प्रताप और मयंक कुमार ने की बेहतरीन बल्लेबाजी
बिहार की पारी के दौरान जब टॉप ऑर्डर बल्लेबाज आउट हो गए, तब अंत में आकर निचले क्रम के खिलाड़ियों ने कमाल कर दिखाया। टीम के लिए 7वें नंबर पर खेलने आए रघुवेंद्र प्रताप सिंह ने सिर्फ 15 गेंदों में 25 रनों की अहम पारी खेली। फिर 10वें नंबर पर उतरे मयंक कुमार ने भी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए मात्र 13 गेंदों पर 3 शानदार छक्कों की मदद से 24 रन बना डाले। दूसरी तरफ, दिल्ली के गेंदबाजों में दिग्वेश राठी ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके, लेकिन इसके बावजूद दिल्ली के सभी मुख्य गेंदबाज काफी महंगे साबित हुए और उन्होंने प्रति ओवर 9 से भी ज्यादा की रन रेट से रन लुटाए।
यश धुल की शतकीय पारी गई बेकार
रघुवेंद्र प्रताप सिंह ने इस मैच में गेंदबाजी में भी शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने इस मैच में 44 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला। दिल्ली की बल्लेबाजी की बात करें तो वहां यश धुल ने शानदार शतक लगाया। वह 59 गेंदों में 16 चौके और 7 छक्कों की मदद से 125 रन बनाकर आउट हुए। वहीं तेजस्वी दहिया ने 25 गेंदों में 51 रन बनाए। लेकिन इन दोनों की अच्छी पारियों के बावजूद दिल्ली की टीम को इस मैच में हार का सामना करना पड़ा।
साभार