लाखों की सैलरी के साथ मिलता है बड़ा बंगला, ऐसी पांच सरकारी नौकरियां
सरकारी नौकरी के साथ अगर बड़ा बंगला भी रहने के लिए मिल जाए तो इससे अच्छा क्या हो सकता है. ऐसी कई नौकरियां हैं, जिनके साथ हमेशा एक शानदार और आलीशान घर मिलता है.
सरकारी नौकरी पाने के लिए लोग कई सालों तक मेहनत करते हैं. सरकारी नौकरी में जॉब सिक्योरिटी के साथ अच्छी सैलरी मिलती है और यही वजह कि लाखों लोग हर साल इसकी तैयारी करते हैं. हर लेवल की सरकारी नौकरी के अपने फायदे हैं, जितने ऊपर की पोस्ट, उतनी ज्यादा सुविधाएं मिलती हैं. कुछ सरकारी नौकरियां ऐसी भी हैं, जिनमें अच्छी सैलरी के अलावा रहने के लिए एक बड़ा बंगला मिलता है. आज हम आपको पांच ऐसी ही सरकारी नौकरियों के बारे में बताएंगे, जिनमें शहर के सबसे पौश इलाकों में बड़े बंगले दिए जाते हैं.
कैबिनेट सेक्रेटरी
कोई आईएएस अधिकारी जब कैबिनेट सेक्रेटरी के पद पर पहुंचता है तो उसे कई ऐसी सुविधाएं मिलती हैं, जो देश के तमाम बड़े सांसदों और नेताओं को दी जाती हैं. लुटियंस दिल्ली में एक बड़ा बंगला मिलता है, जो टाइप-7 में आते हैं. इसमें दो लॉन होते हैं और कई कमरे भी मिलते हैं. इस करोड़ों की कीमत वाले घर में रहने के लिए लाइसेंस फीस के नाम पर करीब 6 हजार रुपये लिए जाते हैं.
रेलवे के GM
रेलवे में जनरल मैनेजर की पोस्ट भी काफी बड़ी होती है, ऐसे में उन्हें रहने के लिए जो जगह दी जाती है, वो भी काफी बड़ी होती है. आमतौर पर ये अंग्रेजों के जमाने में बने घर होते हैं, जो काफी आलीशान होते हैं. इस बंगले के लिए जीएम को सिर्फ करीब 15 हजार रुपये देने होते हैं, जबकि इसका किराया 10 लाख से ज्यादा हो सकता है.
IAS अफसर
किसी भी जिले के डीएम एक आईएएस अधिकारी होते हैं, उन्हें शहर में सबसे अच्छी जगह पर एक बड़ा बंगला दिया जाता है. इसमें टहलने के लिए लॉन, सर्वेंट क्वार्टर और बाकी तमाम तरह की चीजें होती हैं. डीएम इसके लिए महज तीन हजार रुपये देते हैं.
PSU के सीएमडी
पब्लिक सेक्टर अंडरटेकिंग (PSUs) में सीएमडी का पद काफी बड़ा होता है. ONGC, NTPC, BEL, HAL और इंडियन ऑयल जैसी कंपनियों के इन अधिकारियों को काफी बड़ा बंगला दिया जाता है. बड़े शहरों में इस बंगले का किराया करीब 4 लाख रुपये तक होता है, लेकिन कंपनी की तरफ से मामूली से मेंटेनेंस पर ये बंगला दिया जाता है.
DFO को मिलता है आलीशान घर
इंडियन फॉरेस्ट सर्विस के तहत डीएफओ बनने वाले अधिकारियों को उस जिले का सबसे आलीशान बंगला मिलता है, आमतौर पर ये बंगला जंगल के बीच या फिर ऐसी जगह होता है, जो दिखने में काफी खूबसूरत होती है. आमतौर पर ये ब्रिटिशकाल के बंगले होते हैं. डीएफओ ग्रुप-ए कैटेगरी की सर्विस है, ऐसे में उन्हें सैलरी भी अच्छी मिलती है.
साभार