पता था आज मेरा दिन है, टीम को जिताकर ही लौटूंगा'- मोहित उलवा ने बताया कैसे आखिरी ओवर में पलटी बाजी
अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में भारत ने रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान को 1 विकेट से हरा दिया। इस मैच में टीम इंडिया की जीत के हीरो मोहित उलवा रहे। उन्होंने आखिरी गेंद पर चौका लगाकर टीम को जीत दिलाई।
अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 1 विकेट से हरा दिया। इस मैच में टीम इंडिया को आखिरी गेंद पर जीत मिली। भारत की इस जीत के असली हीरो मनल चौहान और मोहित उलवा रहे। दोनों ने अंत के ओवरों में शानदार बल्लेबाजी करके टीम इंडिया को मैच में वापस लाया और आखिरी गेंद पर जीत दिलाई। मोहित उलवा इस मैच में 26 गेंदों पर 49 रन बनाकर नाबाद लौटे। मैच के बाद उन्होंने अपनी इस पारी को लेकर बात की और बताया कि कैसे उन्होंने आखिरी ओवर में बाजी पलट दी।
आखिरी ओवर को लेकर मोहित उलवा ने क्या कहा?
मैच के बाद मोहित उलवा ने कहा कि उस आखिरी ओवर में मेरे दिमाग में कुछ खास नहीं चल रहा था, बस मुझे खुद पर भरोसा और भगवान पर विश्वास था। अभी तक मेरा एशिया कप कुछ खास नहीं गया था। मैं जानता था कि मैं एक गेंदबाज हूं, लेकिन मुझे यह भी यकीन था कि मैं एक ऑलराउंडर हूं। हालांकि, मुझे खुद को साबित करने के ज्यादा मौके नहीं मिले थे, पर मुझे हमेशा भरोसा था कि मैं यह कर सकता हूं। मुझे बस मनल के साथ की जरूरत थी। मुझसे पहले बल्लेबाजी करने आकर उन्होंने जिस तरह का माहौल और लय बनाई, वह शानदार था। मुझे तो बस मैदान पर जाकर काम पूरा करना था।
आखिर में वेंकट ने मेरा हौसला बढ़ाया- मोहित उलवा
जहां तक मैच विनिंग रन बनाने की बात है, मैं बस उस एक सही गेंद का इंतजार कर रहा था। मुझे पता था कि मैं एक बाउंड्री लगाकर मैच खत्म कर सकता हूं। मैंने हमेशा खुद पर विश्वास रखा है और मैं खुद से यही कहता रहता हूँ कि मैं यह कर सकता हूं, मैं यह करूंगा और आखिरी दम तक इसे पूरा करके रहूंगा। खास तौर पर वेंकट ने मेरा हौसला बहुत बढ़ाया। वह लगातार मुझसे कह रहे थे नहीं, तुम यह कर सकते हो। बस जाओ और अपना खेल खेलो, तुम ही मैच खत्म करोगे। उन्होंने जो भरोसा दिलाया कि हम दोनों आखिरी गेंद तक मिलकर यह काम कर सकते हैं, उससे मेरा आत्मविश्वास और मजबूत हो गया। मुझे यकीन था कि अगर मैं आखिरी गेंद तक क्रीज पर टिका रहा, तो मैं मैच खत्म करके ही वापस आऊंगा।
मोहित उलवा को मिला POTM अवॉर्ड
मोहित उलवा को इस शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला। मोहित इस मैच में गेंदबाजी में कुछ खास कमाल नहीं कर पाए। उन्होंने 8 ओवर में 57 रन खर्च किए और वहां उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। हालांकि बल्लेबाजी में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच चौके और तीन छक्के की मदद से 26 गेंदों में नाबाद 49 रन बनाए और टीम को जीत दिलाई।
साभार