सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में मुंबई ने लगाया जीत का 'छक्का', 86 रन से दर्ज की शानदार जीत
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली मुंबई टीम ने जीत का छक्का लगा दिया है. मुंबई ने उत्तराखंड पर 86 रनों की बड़ी जीत हासिल की.
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में मुंबई ने जीत का 'सिक्स' लगा दिया है. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में गुरुवार को मुंबई ने उत्तराखंड को 86 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया. यह इस टूर्नामेंट में मुंबई की 7 मैचों में छठी जीत है, उसका एक मैच रद्द हो गया था. सूर्या की कप्तानी वाली मुंबई अभी तक एक भी मैच नहीं हारी है.
गुरुवार को खेले गए मैच में मुंबई की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी और स्कोरबोर्ड पर 209 रन लगा दिए. हालांकि वह पूरे 20 ओवर भी बैटिंग नहीं कर पाई थी. सलामी बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी ने 51 रन और मुशीर खान ने 65 रनों का योगदान दिया. मुशीर के बड़े भाई सरफराज खान ने 15 गेंद में 31 रनों की तेजतर्रार पारी खेली.
सूर्या और शिवम बुरी तरह फ्लॉप
सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे बुरी तरह फ्लॉप हो गए. शिवम दुबे गोल्डन डक का शिकार बने और अपनी पारी की पहली गेंद पर आउट हो गए. वहीं सूर्यकुमार 2 गेंद में एक रन बनाकर आउट हो गए. उत्तराखंड के जगदीश सुचित ने एक ही ओवर में 3 विकेट झटके. उन्होंने पहले सरफराज को आउट किया, अगली ही गेंद पर शिवम दुबे को चलता किया. वह हैट्रिक पूरी करने से चूक गए, लेकिन उसी ओवर में सूर्यकुमार यादव को भी आउट कर दिया
दर्ज की छठी जीत
जब 210 रनों के लक्ष्य को डिफेंड करने की बारी आई तो शिवम दुबे ने दूसरे ही ओवर में उत्तरखंड को पहला झटका दे दिया. धड़ाधड़ विकेट गिरते चले गए और देखते ही देखते उत्तराखंड की आधी टीम 58 के स्कोर तक आउट हो चुकी थी. शासवात डंगवाल और जगदीश सुचित के बीच 43 रनों की पार्टनरशिप ने जैसे-तैसे टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया, लेकिन पूरी टीम 16.5 ओवर में 123 रन बनाकर सिमट गई. मुंबई को 86 रनों से बड़ी जीत मिली
साभार