न्यूजीलैंड के खिलाफ ODI सीरीज से बाहर जसप्रीत बुमराह!
जसप्रीत बुमराह की फिटनेस पर ताजा अपडेट आया है. खबर है कि बुमराह न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे.
जसप्रीत बुमराह न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में नहीं खेलेंगे. पांच मैचों की वनडे सीरीज 4 नवंबर से शुरू होगी, लेकिन वर्कलोड मैनेजमेंट के चलते बुमराह इस सीरीज में नहीं खेलेंगे. खबर है कि बुमराह पूरी तरह फिट हो चुके हैं, लेकिन मैनेजमेंट उन्हें रेड बॉल सीरीज के लिए बचाकर रखना चाहता है, जो 19 नवंबर से शुरू होगी.
बुमराह पिछले साल नवंबर के बाद कोई टेस्ट मैच नहीं खेले हैं. टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार बुमराह 4 नवंबर-15 नवंबर तक खेली जाने वाली वनडे सीरीज में नहीं खेलेंगे, लेकिन 19 नवंबर को भारत बनाम न्यूजीलैंड पहला टेस्ट शुरू होने से पूर्व इंडिया ए के लिए तीसरा अनऑफिशियल टेस्ट खेल सकते हैं. दरअसल 24 अक्टूबर से इंडिया ए और न्यूजीलैंड ए की 3 अनऑफिशियल मैचों की टेस्ट सीरीज शुरू होगी. 7 नवंबर-10 नवंबर तक खेले जाने वाले तीसरे अनऑफिशियल टेस्ट में बुमराह खेल सकते हैं.
बताया जा रहा है कि बुमराह ने अहमदाबाद में रेड बॉल टीम में वापसी के लिए तैयारी शुरू कर दी है. वो इस महीने के अंत तक बेंगलुरू स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपनी हाजिरी दर्ज करवा सकते हैं. 28 अक्टूबर वह तारीख है, जब भारतीय वनडे और टेस्ट टीम न्यूजीलैंड के लिए रवाना हो जाएगी. बताते चलें कि 22 अक्टूबर से दोनों की पांच मैचों की टी20 सीरीज शुरू होने वाली है.
बीसीसीआई के एक सूत्र ने बताया कि बुमराह को रेड-बॉल क्रिकेट में खिलाना फिलहाल प्राथमिकता है. उसने कहा कि बुमराह को पहले वनडे और फिर तुरंत टेस्ट सीरीज में खिलाने से फायदा नहीं होगा. इंजरी से एकदम फ्रेश होकर आ रहे बुमराह को सीधे टेस्ट सीरीज के लिए मैदान पर उतारा जाएगा.
इसी साल घुटने की चोट के कारण वह श्रीलंका के खिलाफ 2 टेस्ट मैचों की सीरीज में नहीं खेल पाए थे. उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर आकिब नबी को पहली बार टीम इंडिया में चुना गया था. मैनेजमेंट केवल न्यूजीलैंड सीरीज ही नहीं बल्कि अगले साल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 मैचों की टेस्ट सीरीज पर विचार कर रहा है. ऐसे में जसप्रीत बुमराह का वर्कलोड मैनेज करना बहुत महत्वपूर्ण पहलू होगा.
साभार