प्लेयर्स के खाने में कीड़े; कैसे फिट रहेंगे खिलाड़ी? खेल प्रतियोगिता में अव्यवस्थाओं की खुली पोल

इतने बड़े आयोजन में घटिया और कीड़े मिले भोजन से खिलाड़ियों की सेहत के साथ खिलवाड़ हुआ है. साथ ही, अव्यवस्थित आवास और परिवहन ने भी खेल विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Sep 26, 2025 - 16:37
 0  14
प्लेयर्स के खाने में कीड़े; कैसे फिट रहेंगे खिलाड़ी? खेल प्रतियोगिता में अव्यवस्थाओं की खुली पोल

टीकमगढ़ जिले में आयोजित हो रही संभाग स्तरीय सॉफ्टवाल, हॉकी, फुटबॉल और तलवारबाजी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को भोजन और नाश्ते में लापरवाही का मामला सामने आया है. यह प्रतियोगिता 24 से 26 सितंबर तक पुलिस परेड मैदान और ढोगा मैदान पर चल रही है, जिसमें सागर संभाग के सभी जिलों के छात्र-छात्राएं खिलाड़ी भाग ले रहे हैं. प्रतियोगिता की मेजबानी शिक्षा विभाग द्वारा की जा रही है और इसकी तैयारी जिला शिक्षा अधिकारी की अध्यक्षता में की गई थी. खिलाड़ियों की रहने और खाने की व्यवस्था उनके-अपने जिले के खेल विभाग की जिम्मेदारी थी. लेकिन दमोह से आए खिलाड़ियों ने आरोप लगाया कि नाश्ते में उन्हें इल्ली (कीड़े) और शुडी मिली. खिलाड़ियों ने इसका विरोध करते हुए आयोजन समिति पर लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए.

अव्यवस्थाओं को लेकर ये आरोप भी लगे

महिला कोच ने भी अव्यवस्थाओं को लेकर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने बताया कि दमोह से आए खिलाड़ियों को सरोज कॉन्वेंट स्कूल में ठहराया गया था, जहां रात 1 बजे से 4 बजे तक न तो लाइट थी और न ही पानी की व्यवस्था. इस कारण बच्चों को मच्छरों से पूरी रात जूझना पड़ा. इसके अलावा खिलाड़ियों को खेल मैदान तक आने-जाने के लिए कोई परिवहन सुविधा नहीं दी गई, जिससे कोच को मजबूरन टैक्सी का सहारा लेना पड़ा.

इतने बड़े आयोजन में घटिया और कीड़े मिले भोजन से खिलाड़ियों की सेहत के साथ खिलवाड़ हुआ है. साथ ही, अव्यवस्थित आवास और परिवहन ने भी खेल विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. खिलाड़ियों और कोच का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी कैमरे पर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं.

स्थानीय खेल प्रेमियों का कहना है कि सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए करोड़ों का बजट देती है, लेकिन अधिकारियों-कर्मचारियों की लापरवाही और भ्रष्टाचार से यह राशि खिलाड़ियों तक सही तरीके से नहीं पहुंचती. टीकमगढ़ की यह घटना इसका ताजा उदाहरण है.

साभार