बिना खेले भी फाइनल में पहुंच सकती है RCB, IPL का यह नियम बन सकता है वरदान; GT को लगेगा झटका!

पहला क्वालीफायर आरसीबी और गुजरात के बीच खेला जाएगा. बेंगलुरु यह मुकाबला खेले बगैर ही फाइनल में कदम रख सकती है. आइए जानते हैं कि इसका नियम क्या है.

May 26, 2026 - 16:15
 0  19
बिना खेले भी फाइनल में पहुंच सकती है RCB, IPL का यह नियम बन सकता है वरदान; GT को लगेगा झटका!

आईपीएल 2026 में आज यानी मंगलवार (26 मई) को पहला क्वालीफायर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच धर्मशाला में खेला जाएगा. इस मुकाबले में जीत हासिल करने वाली टीम डायरेक्ट फाइनल में पहुंच जाएगी. वहीं हारने वाली टीम को फाइनल में पहुंचने का एक और मौका मिलेगा. लेकिन मैच से पहले हम आपको ऐसा नियम बताएंगे, जिसके जरिए आरसीबी बिना खेले ही फाइनल में पहुंच सकती है और गुजरात को बड़ा झटका लग सकता है. 

प्वाइंट्स टेबल में पहले नंबर वाली टीम को होगा फायदा

आपको बता दें कि क्वालीफायर-1 प्वाइंट्स टेबल में पहले और दूसरे पायदान पर रहने वाली टीमों के बीच खेला जाता है. बेंगलुरु पहले और गुजरात दूसरे पायदान पर है. अगर दोनों के बीच होने वाला मुकाबला बारिश के कारण बेनतीजा रहता है यानी रद्द हो जाता है, तो इस स्थिति में प्वाइंट्स टेबल में पहले नंबर पर रहने वाली टीम फाइनल में जगह बना लेगी. 

नहीं है रिजर्व डे 

प्लेऑफ मैचों में सिर्फ फाइनल को छोड़कर किसी भी मुकाबले के लिए रिजर्व डे नहीं रखा गया है. लिहाजा, क्वालीफायर-1, एलिमिनेटर और क्वालीफायर-2 के मुकाबले अगर बारिश के कारण बेनतीजा रहते हैं, तो मैच अगले दिन नहीं होंगे. हां इतना जरूर है, प्लेऑफ मैचों के लिए 2 घंटे (120 मिनट) का अतिरिक्त समय रखा गया है जबकि लीग स्टेज मैचों के लिए सिर्फ 1 घंटा (60 मिनट) अतिरिक्त रखा गया था.

आरसीबी के पक्ष में जा रहा है IPL का नियम 

दरअसल आईपीएल नियम के मुताबिक, अगर प्लेऑफ का कोई भी मैच बारिश की भेंट चढ़ता है, तो प्वाइंट्स टेबल में ऊपर रहने वाली टीम को विजयी मानकर आगे बढ़ाया जाएगा. नियम के तहत क्वालीफायर-1 में आरसीबी को फायदा होगा. बेंगलुरु पहले और गुजरात दूसरे पायदान पर है. लिहाजा, बेंगलुरु को बगैर खेले ही फाइनल में जगह मिल सकती है. अब देखना दिलचस्प होगा कि मैच के दौरान मौसम कैसा रहता है.

साभार