राम हर भारतीय के खून में', जावेद अख्तर के बयान पर भड़के मौलाना, BJP, कांग्रेस-सपा क्या बोली?
भगवान राम को लेकर जावेद अख्तर के बयान पर बखेड़ा खड़ा हो गया है. उन्होंने कहा है कि राम हर भारतीय के खून में बसे हैं, चाहे वे किसी भी मजहब का हो. इस बयान का मौलाना साजिद रशीदी ने विरोध किया है.
राम हर भारतीय के खून में बसे हैं'', मशहूर गीतकार जावेद अख्तर के इस बयान पर बवाल खड़ा हो गया है. जहां सियासी दलों ने उनके बयान का समर्थन किया है, वहीं मौलाना साजिद रशीदी ने इसका विरोध जताया
जावेद अख्तर ने मुंबई में मंगलवार को कहा, ''राम सिर्फ एक व्यक्ति नहीं हैं; राम एक नैतिकता हैं. राम जीने का एक तरीका हैं. राम एक खास सौंदर्यबोध और नैतिकता हैं...मेरी बात सुनकर बहुत से लोग नाराज भी होंगे. राम हर भारतीय के खून में बसे हैं, चाहे वे किसी भी मजहब का हो. वे जीवन जीने का एक ढंग हैं.''
उनके इस बयान पर विश्व हिंदू परिषद (VHP) के अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि जावेद अख्तर के वाक्य से मैं सहमत हूं. हम सबके धमनियों में राम और कृष्ण की स्मृति और खून, ये दोनों हैं.
मौलाना साजिद रशीदी ने किया विरोध
मौलाना साजिद रशीदी ने कहा कि जावेद अख्तर एक नास्तिक आदमी है, उसकी बातों को सीरियस लेना मैं समझता हूं बेवकूफी है. उसने खुले मंचों से कह दिया है कई बार कि मैं नास्तिक हूं, मैं किसी राम भगवान खुदा अल्लाह को नहीं मानता. तो ऐसा आदमी अगर राम की तारीफ कर रहा है, तो यह आश्चर्यजनक है, अपने गाने उसको बेचने हैं, बिजनेसमैन है वह.
उन्होंने कहा, ''वह कहीं ना कहीं राम जी की तारीफ करके हिंदुओं को पागल बनाने की कोशिश कर रहा है. मेरे अंदर तो राम जी का खून नहीं है, मेरे अंदर तो हज़रत आदम अलैहिस्सलाम का खून है जिनको मैं अपना पूर्वज मानता हूं जो सबसे पहले इंसान थे.''
मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने कहा कि जावेद अख्तर का बयान भारत के कल्चर, तहज़ीब और तमद्दन की गवाही देती है. जावेद अख्सर साहब का यह अपना नज़रिया है. और इसको अगर तहजीब कल्चर से अगर इसको जोड़ के देखें. तो भी इसमें खूबसूरती नजर आती है.
बीजेपी नेताओं ने किया स्वागत
बीजेपी के नेता प्रमोद कृष्णम ने कहा कि जावेद अख्तर एक बहुत ही बड़े दानिश्वर इंसान हैं और बहुत ही सच बोलने के लिए जाने जाते हैं. मैं उनका स्वागत करता हूं. भगवान राम की शरण में वो आए हैं. भगवान राम की शरण में आने पर मैं जावेद अख्तर की बात का समर्थन भी करता हूं, उनका स्वागत करता हूं. लेकिन ये बात उनको राहुल गांधी को समझानी चाहिए.
बीजेपी के नेता राम कदम ने कहा कि श्रीमान जावेद अख्तर ने भगवान श्रीराम के बारे में बड़ी सच्चाई को स्वीकार किया. उन लोगों को राम नहीं समझेंगे जिनके मन में अभी भी रावण शेष है. मन के रावण को निकलते ही भगवान श्रीराम भीतर समा जाएंगे.
कांग्रेस ने क्या कहा?
वहीं कांग्रेस से लोकसभा सांसद तारिक अनवर ने एबीपी न्यूज़ से कहा कि जावेद अख्तर साहब ने बिल्कुल ठीक कहा है. राम कण-कण में हैं, राम को लेकर साहित्यकारों और कवियों ने यही बात कही है.
कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा कि उनका व्यू पॉइंट है, उनको अपना बात रखने का अधिकार है, उनका ये थॉट प्रोसेस है, इसमें क्या कुछ कहने को रह जाता है.
संजय राउत क्या बोले?
वहीं शिवसेना यूबीटी के नेता संजय राउत ने कहा कि राम इस राष्ट्र की अस्मिता है, राम कोई राजनीतिक व्यक्ति नहीं है,और राम कोई धार्मिक व्यक्ति भी नहीं है,राम सबके हैं. एक आचरण होता है, एक व्यक्ति का आचरण कैसा होना चाहिए? उस दिशा में मार्गदर्शन देने वाली राम की आचार संहिता है. इसलिए राम सबके हैं.
समाजवादी पार्टी क्या बोली?
समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने कहा कि मेरे तो घर में राम मंदिर है. मैं मानता हूं कि मुझमें राम, तुझमें राम, रूम रूम में राम, कण-कण में राम, यहां राम, जहां देखो तहां राम. मर्यादा भगवान पुरुषोत्तम श्री राम आदर्श थे, हैं और रहेंगे.
साभार