लालू परिवार को हाई कोर्ट से बड़ा झटका, IRCTC घोटाले में आरोप तय करने का आदेश बरकरार, सभी याचिकाएं खारिज
IRCTC घोटाले में लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव को दिल्ली हाई कोर्ट से राहत नहीं मिली है। कोर्ट ने आरोप तय करने के खिलाफ दायर उनकी याचिकाएं खारिज कर दी हैं।
दिल्ली हाई कोर्ट ने RJD प्रमुख लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी और बेटे तेजस्वी यादव की याचिकाएं खारिज कर दी हैं। तीनों ने IRCTC घोटाले से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट द्वारा आरोप तय करने के आदेश को चुनौती दी थी। जस्टिस स्वर्णा कांता शर्मा की पीठ ने सभी याचिकाओं को खारिज करते हुए ट्रायल कोर्ट के आरोप तय करने के आदेश को बरकरार रखा। कोर्ट ने इस मामले के अन्य आरोपियों की याचिकाएं भी खारिज कर दीं।
गौरतलब है कि 13 अक्टूबर 2025 को राउज एवेन्यू की स्पेशल कोर्ट ने लालू परिवार समेत कुल 14 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए थे। सभी आरोपियों पर धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश के आरोप लगाए गए थे। इसके अलावा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत भी आरोप तय किए गए थे। CBI का आरोप है कि रेलवे के रांची और पुरी स्थित होटलों के टेंडर और जमीन के सौदों में गड़बड़ी हुई थी। अब रॉउज एवन्यू कोर्ट में इस मामले की सुनवाई आगे जारी रहेगी।
तेजस्वी-राबड़ी देवी समेत 9 लोगों पर आरोप तय
इससे पहले, दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट ने IRCTC मनी लॉन्ड्रिंग मामले में RJD प्रमुख लालू प्रसाद यादव, तेजस्वी यादव, राबड़ी देवी, सरला गुप्ता, लारा प्रोजेक्ट्स और सुजाता होटल समेत 9 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय कर दिए थे। कोर्ट ने पीसी गुप्ता, विजय कोचर और विनय कोचर के खिलाफ भी आरोप तय करने का आदेश दिया। वहीं, मामले में 7 आरोपियों को बरी कर दिया गया। अदालत ने कहा कि पटना में ट्रांसफर की गई जमीन अपराध से अर्जित संपत्ति है। आरोप तय करते हुए कोर्ट ने टिप्पणी की कि लारा प्रोजेक्ट्स को जिस तरह फायदा पहुंचाया गया, उससे लालू यादव की भूमिका पर संदेह पैदा होता है। कोर्ट के मुताबिक, रेलवे अधिकारियों ने लालू यादव के कहने पर रांची और पुरी के होटलों के पट्टे देने की प्रक्रिया में निविदा से जुड़ी गड़बड़ियां की थीं।
अदालत ने यह भी कहा कि प्रथम दृष्टया जांच राजनीति से प्रभावित नहीं लगती और मामले में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे सुनवाई जरूरी है। कोर्ट ने गौरव गुप्ता, नाथ मल काकरानिया, राहुल यादव, विजय त्रिपाठी, देवकी नंदन तुल्स्यान, राजीव कुमार रेलन और एम/एस अभिषेक फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड को आरोपों से बरी कर दिया है। सभी आरोपियों को आगे की सुनवाई के लिए पेश होने का निर्देश दिया गया।
साभार